A line of US ICE and Border Patrol agents in Minneapolis, January 2026. Image: Flick, Chad Smith, Creative Commons
अमेरिका के इंडियाना में मार्च 2026 में NICAR डेटा जर्नलिज़्म शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें दर्जनों प्रमुख डेटा पत्रकारों ने विभिन्न विषयों की जांच के लिए अपने पसंदीदा डिजिटल टूल और डेटाबेस साझा किए।
NICAR के विगत आयोजनों में पहले कई बेहतरीन टूल प्रदर्शित किए जा चुके हैं। जैसे :
- टाइमलाइन यूट्यूब ट्रांसक्राइबर समराइज़ डॉट टेक,
- पत्रकार-अनुकूल जहाज ट्रैकिंग टूल वेसल व्यूअर,
- पीडीएफ लीक से मैलवेयर हटाने वाला मुफ्त टूल डेंजरज़ोन।
NICAR 2026 में कई वक्ताओं ने ओपन कॉर्पोरेट्स, गूगल अर्थ और डॉक्यूमेंट क्लाउड जैसे परिचित ओपन सोर्स टूल के नए अनुप्रयोगों पर प्रकाश डाला। यहां GIJN ने नए या कम इस्तेमाल होने वाले कुछ टूल्स की एक सूची पेश की है। इन टूल्स ने सम्मेलन में पत्रकारों का ध्यान आकर्षित किया।

इमेज : स्क्रीनशॉट, ओवरपास टर्बो
आपको किसी फोटो में किसी स्थान का पता करना है। आप केवल एक पंक्ति टाइप करके इसका पता लगा सकते हैं। जैसे :
- “मुझे पेरू के लीमा में एक डॉग पार्क के 30 मीटर के दायरे में फव्वारे वाले स्थान दिखाएं”
- “मुझे तुर्की के फलां शहर में सभी ‘1426’ स्ट्रीट पते दिखाएं”
यह टाइप करके आप एक मुफ्त वेबसाइट के ‘रन‘ पर क्लिक करें। आपको यह जानकारी मिल जाएगी। एपी के रिपोर्टर लैरी फेन ने NICAR के दर्शकों को यह जानकारी दी। बताया कि ओपन स्ट्रीट मैप्स के लिए ‘ओवरपास टर्बो’ एक अच्छा वेब-आधारित डेटा माइनिंग टूल है। इसके माध्यम से आसान और तीव्र जियोलोकेशन संभव है। लैरी फेन ने कहा- “यह बेहद उपयोगी, लेकिन डरावना टूल भी है। डरावना इसलिए क्योंकि आपको लगेगा कि मैं कोई फोटो लूंगा, तो यह मुझे दुनिया में जियोलोकेट कर देगी।”
इस टूल पर खोज कोड-आधारित है। लैरी फेन ने बताया कि रिपोर्टर एलएलएम चैटबॉट से वह कोड लिखवा सकते हैं। फिर उसे टूल में पेस्ट करके कुछ ही मिनटों में उन स्थानों को खोज सकते हैं। उन्होंने कहा – “आपको ओवरपास टर्बो की भाषा सीखने की ज़रूरत नहीं है। आप चैटजीपीटी जैसे टूल से सीधे पूछ सकते हैं। इसने अब ओपनस्ट्रीटमैप विकी को शामिल कर लिया है। इसलिए ओवरपास टर्बो अब एपीआई की कार्यप्रणाली को समझता है। आप टाइप कर सकते हैं- ‘मुझे मेक्सिको के प्यूर्टो वलार्टा में किसी होटल से 25 मीटर के दायरे में स्थित फास्ट फूड रेस्टोरेंट दिखाने के लिए ओवरपास टर्बो क्वेरी लिखें।’ यह बेहद शक्तिशाली है।”
लैरी फेन ने कहा- “इस तकनीक को कारगर बनाने के लिए आप ओपन स्ट्रीट मैप में मौजूद मानचित्र विशेषताओं का उपयोग करें। यह एक खुला डेटाबेस है। इसमें आम नागरिक योगदान करते हैं। इसलिए आप उन स्थलों के बारे में अनुमान लगाएं, जिन्हें लोग टैग करेंगे। लोग जनसुविधाओं संबंधी विशेषताओं को टैग करना पसंद करते हैं। जैसे, कोई पार्क।”
क्वेरी करना आसान है। लेकिन टूल की स्थापना संबंधी प्रक्रिया कोड-आधारित है। इस तक पहुंच संबंधी प्रोटोकॉल जटिल हो सकते हैं। एक कम व्यापक लेकिन सरल विकल्प बेलिंगकैट ओपन स्ट्रीट मैप सर्च टूल है। इसमें खोज के लिए पूर्व निर्धारित विशेषताओं की सूची के बीच की दूरी को परिभाषित करने के लिए सरल स्लाइडर शामिल हैं। पैनलिस्टों ने पत्रकारों को बेलिंगकैट के कई जियोलोकेशन टूल पर उपलब्ध उत्कृष्ट गाइड का अध्ययन और प्रयोग करने की सलाह दी।
निर्वासन संबंधी डेटा परियोजना

इमेज : स्क्रीनशॉट, निर्वासन डेटा परियोजना
डिपोर्टेशन डेटा प्रोजेक्ट : पैनलिस्टों ने यूसी बर्कले के वकीलों द्वारा सूचना का अधिकार के तहत काफी मेहनत करके निकाले गए दस्तावेजों का उदाहरण दिया। निर्वासन संबंधी इस डेटा परियोजना के कारण पत्रकारों को 2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित एक विषय पर विस्तृत डेटा मिले। इसमें संयुक्त राज्य अमेरिका में विभिन्न आव्रजन प्रवर्तन तंत्रों में फंसे लाखों लोगों की जानकारी थी। फिलहाल डेटा को गुमनाम रखा गया है। इसमें आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई), सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) से जुड़ी सूचनाएं हैं। कई अन्य एजेंसियों से प्राप्त डेटा से व्यक्तिगत स्तर पर गिरफ्तारी, हिरासत और निर्वासन की जानकारी भी शामिल है। इसमें हिरासत केंद्रों के बीच प्रत्येक स्थानांतरण का विवरण है। शरण चाहने वालों को प्रवेश बंदरगाहों पर वापस भेजने संबंधी घटनाओं का भी रिकॉर्ड है।
’गार्जियन’ के डेटा संपादक विल क्राफ्ट ने कहा- “इस व्यापक डेटासेट का उपयोग हम सबको करना चाहिए। यह बेहद विस्तृत है। इसमें व्यक्तिगत स्तर तक की जानकारी मिलती है। इससे गिरफ्तार किए गए हर व्यक्ति को ट्रैक किया जा सकता है। उनकी गिरफ्तारी से लेकर प्रत्येक हिरासत केंद्र में उनके द्वारा बिताए गए हर पल तक और उनके निर्वासन तक की पूरी जानकारी मिल जाएगी।”
यह पोर्टल डेटा उपयोग की व्याख्या करता है। इसके अलावा, आईसीई डेटा तालिकाओं को समझने के लिए इसमें एक ‘कोडबुक’ भी है। विल क्राफ्ट ने कहा कि इस विशाल डेटासेट का उपयोग अब भी कठिन है। इसे स्प्रेडशीट में नहीं खोला जा सकता। पैनलिस्टों ने बताया कि बिग लोकल न्यूज़ ने इस ’डिपोर्टेशन डेटा प्रोजेक्ट’ के साथ मिलकर इमिग्रेशन एनफोर्समेंट रिपोर्टिंग रेसिपीज़ टूल बनाया है। इससे पत्रकारों को गाइड और सरलीकृत डेटासेट की मदद से इस संसाधन का उपयोग करने में सहायता मिलती है। यह वर्तमान में वादे के अनुसार अपडेट देने में एक सप्ताह देरी से चल रहा है। प्रत्येक नए डेटा रिलीज़ के साथ पिछले रिलीज़ डिलीट हो जाते हैं। विल क्राफ्ट ने कहा कि डीएचएस डिटेंशन मैनेजमेंट स्टैटिस्टिक्स डेटाबेस भी राष्ट्रीय स्तर पर आव्रजन प्रवर्तन पर बुनियादी डेटा के लिए एक अच्छा उपकरण है।
अवैध वित्त डेटा लैब
शिखर सम्मेलन में इस नए संसाधन ने सबका ध्यान आकर्षित किया। यह वैश्विक भ्रष्टाचार से निपटने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के सहयोग पर आधारित एक समुदाय बनाने पर केंद्रित परियोजना है।
एंटी-करप्शन डेटा कलेक्टिव और ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन प्रोजेक्ट (OCCRP) ने मिलकर इसे बनाया है। यह साइट शोधकर्ताओं, डेटा वैज्ञानिकों और खोजी पत्रकारों के बीच सहयोग को बढ़ावा देती है। इसे पत्रकारों को आपस में और काले धन के शोधकर्ताओं के साथ जोड़ने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस साइट में व्यावहारिक और कानूनी संसाधन, खबरों के लिए सुझाव, केस स्टडी और उच्च स्तरीय जानकारी मिलती है। पत्रकारों को इससे जुड़ने के लिए इस लिंक पर आवेदन करना होगा ।
ओसीसीआरपी डेटा प्लेटफॉर्म की उत्पाद प्रबंधक एजाना सेमान ने कहा- “पैसे का पीछा करने का यह शानदार संसाधन है। अब हमारे पास काफी डेटा है। हमारा काम पहले से कहीं ज़्यादा आसान हो गया है। वे लोग हमारी नाक के नीचे ऐसे गलत काम कर रहे हैं। लेकिन इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए हमारे पास पर्याप्त टीम और संसाधन नहीं हैं। इसलिए दिसंबर में हमने भ्रष्टाचार-विरोधी डेटा कलेक्टिव के सहयोग से अवैध वित्त डेटा लैब लॉन्च किया। इसमें काफी लोग रुचि ले रहे हैं। हम सक्रिय रूप से पत्रकारों, शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों को एक साथ ला रहे हैं। विभिन्न कौशलों वाले लोगों को जोड़ा जा रहा है। हम इस तरह एकजुट होकर ही इस अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार से लड़ सकते हैं।”
बेलिंगकैट टेलीग्राम फ़ोन नंबर चेकर

बेलिंगकैट टेलीग्राम फ़ोन चेकर टूल ने इस साल ट्रिस्टन ली को नव-नाज़ी समूहों के सदस्यों के व्यवसायिक नेटवर्क की पहचान करने में मदद की। चित्र: स्क्रीनशॉट, टेक्सास ऑब्ज़र्वर
यह एक मुफ़्त टूल है। इसके लिए कंप्यूटर विज्ञान संबंधी मध्यम स्तर का कौशल पर्याप्त है। कमांड लाइन क्षमता और शुरुआती इंस्टॉलेशन चरण में कुछ आईटी सहायता की आवश्यकता होती है। ओपनसोर्स शोधकर्ताओं के अनुसार एक बार चालू हो जाने पर यह आपके पास पहले से मौजूद फ़ोन नंबर के मालिक की अधिक जानकारी पाने का अनूठा तरीका प्रदान करता है, बशर्ते उस व्यक्ति का टेलीग्राम खाता हो। इसमें आप अल्पविराम से अलग किए गए नंबरों को एक साथ खोज सकते हैं।
डेकोहेरेंस मीडिया (चरमपंथी समूहों की जांच करने वाली गैर-लाभकारी संस्था) के सह-संस्थापक ट्रिस्टन ली ने इस नए टूल के उपयोग संबंधी अपने अनुभव बताए। उन्होंने इसके जरिए यह दिखाया कि एक व्यवसायी ने किस तरह अपने चरमपंथी टेलीग्राम चैनल के जरिए होलोकॉस्ट का महिमामंडन करने जैसा घृणित काम किया था।
उन्होंने बताया- “फ़ोन नंबर चेकर आपको बताता है कि कोई फ़ोन नंबर टेलीग्राम पर पंजीकृत है या नहीं। यदि उसने अपना उपयोगकर्ता नाम निजी नहीं रखा है, तो यह आपको उसका उपयोगकर्ता नाम भी बताता है।”
बेलिंगकैट के अनुसार, यह टूल टेलीग्राम एपीआई को आपके टेलीग्राम खाते में किसी नंबर को संपर्क के रूप में जोड़ने के लिए प्रेरित करता है। ऐसा करके यह किसी नाम, प्रोफ़ाइल फ़ोटो और अंतिम बार ऑनलाइन होने का समय जैसी अन्य जानकारी निकाल सकता है। विशेषज्ञों ने पत्रकारों को खोज के लिए अपने व्यक्तिगत टेलीग्राम खातों का उपयोग न करने की सलाह दी। पत्रकार इस लिंक पर उपयोग संबंधी दिशानिर्देशों का पालन कर सकते हैं। इसकी जटिल स्थापना प्रक्रिया को आप गिटहब पेजया इस वीडियो ट्यूटोरियल के माध्यम से समझ सकते हैं।
शुल्क आधारित उपयोगी डेटाबेस
खोजी पत्रकार और सीमित संसाधनों वाले मीडिया संगठन नैतिक और बजट दोनों कारणों से मुफ़्त या ओपनसोर्स टूल को प्राथमिकता देते हैं। कई प्रमुख खोजी समूहों के टूल डैशबोर्ड में उपलब्ध हैं। जैसे, बीबीसी अफ्रीका आई फोरेंसिक्स डैशबोर्ड, क्रेग सिल्वरमैन की सत्यापन पुस्तिका, ओसीसीआरपी की देश-वार वित्तीय रजिस्टरों की सूची , और इसका एलेफ़ प्रो, जिसमें लीक, प्रतिबंध और कॉर्पोरेट रजिस्टरों के चार अरब रिकॉर्ड हैं।
OCCRP की एजाना सेमान ने बताया कि कुछ मालिकाना अधिकार वाली डेटा सेवाएं विशिष्ट परियोजनाओं के लिए काफी उपयोगी हैं। मीडिया संस्थानों को उन तक पहुंचने के वैकल्पिक तरीकों पर विचार करना पड़ सकता है। जैसे कि निःशुल्क परीक्षण, उधार लिया गया लॉगिन, अल्पकालिक सदस्यता, या किसी खोजी परियोजना के लिए निःशुल्क पहुंच का सीधा अनुरोध।
उन्होंने कहा- “मुझे पता है कि सशुल्क डेटाबेस इतने लोकप्रिय नहीं हैं। लेकिन हमने इन्हें शामिल करना चाहा। संभव है कि आपके संस्थान से जुड़े किसी व्यक्ति या स्थानीय विश्वविद्यालय के पास इसका लॉगिन हो। आप उनसे निःशुल्क परीक्षण करवा सकते हैं। मेरा अनुभव कि यदि आप ईमेल के जरिए उन्हें अपनी आवश्यकता बताकर कहते हैं कि मैं आपके टूल की सदस्यता लेने की आर्थिक स्थिति में नहीं हूँ, तो वे आपकी मदद कर सकते हैं।”
एजाना सेमान ने शुल्क आधारित ऐसे उपयोगी डेटाबेस की एक सूची प्रस्तुत की, जिनसे OCCRP की जांच में मदद मिली। अन्य मीडिया संस्थान भी उन डेटाबेस तक पहुंचने का कोई तरीका खोज सकते हैं। यहां जीआईजेएन ने कम ज्ञात उपकरणों की इस सूची का एक संक्षिप्त संस्करण और ओसीसीआरपी की टिप्पणी प्रस्तुत की है।
- फैक्टिवा (Factiva): यह वैश्विक समाचारों और उद्योग संबंधी जानकारियों का संग्रह है। कंपनियों की जानकारी के लिए उत्कृष्ट है।
- स्पार्क इंटरफैक्स (Spark Interfax): यह अनुवाद और लिप्यंतरण की सुविधा सहित रूसी कंपनी रजिस्ट्री है। व्यक्ति या कंपनी के आधार पर सर्च करने योग्य है। इसमें रूस के साथ व्यापार करने वाली अपतटीय कंपनियों की भी जानकारी मिलती है।
- सायरी (Sayari): यह वैश्विक सार्वजनिक अभिलेख है। इसमें न्यायालय, व्यापार, कर और व्यावसायिक रजिस्ट्री शामिल हैं। यह चीन, ब्राजील, मध्य पूर्व, उत्तरी अफ्रीका और अफ्रीका जैसे दुर्गम क्षेत्रों को भी कवर करता है।
- ऑफशोर अलर्ट (Offshore Alert): यह कैरिबियन न्यायालय दस्तावेजों का डेटाबेस है। यह मुकदमेबाजी में शामिल अपतटीय संस्थाओं की जानकारी के लिए उपयोगी है।
- ओपनस्काई नेटवर्क (Opensky Network): इसमें विमान उड़ानों के इतिहास की जानकारी मिलती है। यह विमान ट्रांसपोंडर के जरिए प्राप्त संकेतों से दुनिया भर के रिसीवरों से एकत्रित एक विशाल डेटाबेस है।
- वोल्ज़ा (Volza): इसमें वैश्विक आयात-निर्यात डेटा और व्यापार संबंधी जानकारियां मिलती हैं।
- मेरीन ट्रैफिक (Marine Traffic): यह जहाज ट्रैकर, जहाजों की आवाजाही और बंदरगाहों पर आने-जाने की जानकारी देता है। OCCRP के खाते में पिछले पांच वर्षों के जहाजों के मार्गों के एनिमेटेड रीप्ले और पिछले वर्ष के विस्तृत व्यवहार की जानकारी शामिल है। पुराना डेटा महंगा होता है।
- पिपल डॉट कॉम (Pipl.com): यह एक उन्नत मानव-खोज इंजन है। यह नाम, ईमेल, उपयोगकर्ता नाम और फोन नंबर को जोड़ता है। संबंधित खातों और ऑनलाइन जानकारी का पता लगाता है।
- पाइमेज (Pimeyes): यह चेहरे की पहचान करने वाला उपकरण है। यह अपलोड की गई तस्वीर से मिलते-जुलते चेहरों को वेब पर खोजता है। यह मीडिया में उपस्थिति का पता लगाने में मदद करता है। यह सोशल मीडिया खातों की खोज नहीं करता है।
- इंटेलएक्स डॉट आईओ (Intelx.io): यह फोन नंबर, ईमेल और आईपी पते के साथ लीक हुए रिकॉर्ड की जांच करता है।
- इरबिस (IRBIS) – यह एक शक्तिशाली रिवर्स-लुकअप टूल है। इसमें ईमेल, फ़ोन नंबर और सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल शामिल हैं।
- ओसिंट डॉट इंडस्ट्रीज: – यह नंबर, ईमेल और यूज़रनेम के ज़रिए लीक हुए रिकॉर्ड की जाँच करता है। सभी पत्रकार इसका मुफ़्त खाता प्राप्त कर सकते हैं।
- डार्कसाइड बाई डिस्ट्रिक्ट फोर लैब्स: (Darkside by District 4 Labs) – यह ईमेल, फ़ोन नंबर और यूज़रनेम के ज़रिए लीक हुए रिकॉर्ड की जांच करता है।
- वायरस्क्रीन (Wirescreen): इसमें चीन की कंपनियों के स्वामित्व संबंधी की जानकारी मिलती है। यह बताता है कि क्या यह सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी है? क्या इस पर प्रतिबंध लगे हैं? क्या इसका निदेशक चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का सदस्य है? क्या यह सैन्य आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा है।
- क्रिस्टल इंटेलिजेंस (Crystal Intelligence): यह क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन की रीयल-टाइम स्क्रीनिंग के लिए एक ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस टूल है।
रोवन फिलिप
: जीआइजेएन के वैश्विक रिपोर्टर और इम्पैक्ट एडिटर हैं। वह पहले दक्षिण अफ्रीका के संडे टाइम्स के मुख्य रिपोर्टर थे। विदेशी संवाददाता के रूप में उन्होंने दुनिया भर के दो दर्जन से अधिक देशों से समाचार, राजनीति, भ्रष्टाचार और संघर्ष पर रिपोर्टिंग की है।
अनुवाद : डॉ. विष्णु राजगढ़िया