Asia Focus Investigating Chinese Companies resource guide
Asia Focus Investigating Chinese Companies resource guide

Illustration: GIJN

संसाधन

» गाइड

चीनी कंपनियों की जांच के लिए ओपन सोर्स गाइड

इस लेख को पढ़ें

चीन की आबादी 140 करोड़ पहुंच चुकी है। इसकी अर्थव्यवस्था 17 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक हो चुकी है। यह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। चीन की सरकारी नीतियों, कॉरपोरेट्स की गतिविधियों और इसके अंतर्राष्ट्रीय निवेश व्यापार का पूरी दुनिया के लिए महत्व बढ़ता जा रहा है। चीन की प्रौद्योगिकी से लेकर मानवाधिकार और राष्ट्रीय सुरक्षा तक, हर क्षेत्र की खबरें पूरी दुनिया को सीधे प्रभावित करती हैं। चीन ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ (BRI) नामक ट्रिलियन डॉलर का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम चला रखा है। साथ ही, तेज़ी से बढ़ती इसकी सैन्य उपस्थिति का वैश्विक प्रभाव है। इन चीजों के कारण चीन से जुड़े मामलों की व्यापक रिपोर्टिंग दुनिया भर के मीडिया के लिए ज़रूरी हो गई है। नागरिकों के दैनिक जीवन को प्रभावित करने वाले ऐसे विषयों की खबर देना मीडिया का दायित्व है। इसलिए चीन को कवर करने वाले पत्रकारों के लिए ओपनसोर्स डेटाबेस का उपयोग करना बेहद महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण है।

स्पष्ट है कि चीन के बारे में विश्वसनीय जानकारी की मांग बढ़ी है। लेकिन हाल के वर्षों में चीन को लेकर अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टिंग में गिरावट आई है। 2000 के दशक के उत्तरार्ध से खोजी रिपोर्टिंग करने वाले चीन के स्थानीय मीडिया पर नियंत्रण काफी बढ़ गया। मीडिया क्षेत्र में व्यावसायिक दबावों ने इस दबाव को और भी बढ़ा दिया है। 2012 के अंत में शी जिनपिंग ने सत्ता संभाली। इसके बाद सरकार ने स्वतंत्र मीडिया रिपोर्टिंग पर अधिक नियंत्रण करने की दिशा में कदम बढ़ाया। घरेलू मीडिया पर नियंत्रण के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय प्रेस पर पहले से भी अधिक प्रतिबंध लगा दिए। जबकि इससे पहले मीडिया ने सरकारी दस्तावेजों, सोशल मीडिया पोस्ट और कॉरपोरेट अभिलेखागार का उपयोग करके कई खुलासे किए थे। जैसे-

ऐसी रिपोर्टिंग के ख़िलाफ़ चीन ने दो रास्ते अपनाए हैं। पहला, सरकार ने डेटाबेस तक पहुंच को सीमित करते हुए सूचनाओं को सार्वजनिक करना कम कर दिया। दूसरा, इंटरनेट सेंसरशिप व निगरानी के ज़रिए सूचना को स्रोत पर ही दबाने की कोशिश की। अकादमिक शोध के अनुसार चीन ने अपने आधिकारिक नीतिगत दस्तावेज़ों को सार्वजनिक रूप से जारी करने पर रोक लगा दी है। शीर्ष राज्य परिषद के दस्तावेज़ों को सार्वजनिक करने की दर 2018 में 88% से गिरकर 2022 तक 54.5% हो गई है। दूसरी ओर, विदेशी पत्रकारों के काम में बाधा डाली जा रही है। इसमें शारीरिक धमकी से लेकर वीज़ा रद्द करने और निर्वासन की धमकी देना शामिल है। इसके अलावा, चीनी नागरिकों को पत्रकारों से बातचीत न करने की चेतावनी देने जैसे अप्रत्यक्ष तरीके भी अपनाए जा रहे हैं। कुछ मामलों में जिन स्रोतों ने अपनी सहमति से साक्षात्कार दिया था, उन पर पत्रकारों के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई करने का दबाव डाला गया है। राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर चीनी और विदेशी पत्रकारों का उत्पीड़न आम बात हो चुकी है।

इस तरह, सरकारी खुलेपन को लेकर चीन अपनी पहले कही गई प्रतिबद्धता से पीछे हट चुका है। लगातार ऐसे प्रतिबंध लागू होने के कारण चीन की अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टिंग का परिदृश्य बदल चुका है। इसलिए अब चीन संबंधी रिपोर्टिंग के लिए नए और रचनात्मक तरीके अपनाने होंगे। भले ही कोई पत्रकार भौतिक रूप से चीन में मौजूद न हो।

यह गाइड पत्रकारों को चीन पर रिपोर्टिंग के लिए बहुमूल्य सूचना स्रोतों से परिचित कराता है। अच्छे स्रोत पर आधारित आकर्षक और सुविचारित खबरें बनाने के लिए इन सामग्रियों तक पहुंच की जानकारी दी गई है। उनका उपयोग करने के व्यावहारिक तरीके भी इस गाइड में बताए गए हैं।

चीन के बाहर से रिपोर्टिंग

चीन की सीमाओं के बाहर काम करने और दूर से जांच करने वाले पत्रकारों के लिए चीन का इंटरनेट ढांचा अतिरिक्त मुश्किलें पैदा करता है। ‘ग्रेट फ़ायरवॉल’ के रूप में तकनीकी साइबर नियंत्रण की जटिल श्रृंखला है। सूचना को देश की संप्रभुता की व्यापक परिभाषा से जोड़कर सख्त नियम बना दिए गए हैं। कई मानक शोध तकनीकों और पारंपरिक ओपनसोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) पद्धति को पत्रकारों के लिए काफी मुश्किल बना दिया गया है। कई अन्य सत्तावादी देशों में वीपीएन और अन्य उपकरणों के जरिए पत्रकारों को सूचना पाना आसान होता है। लेकिन चीन की सेंसरशिप प्रणाली काफी परिष्कृत है। यहां साइबर सुरक्षा कानून लागू है। इसके कारण आपको वास्तविक नाम का पंजीकरण करना आवश्यक है। साथ ही, भौगोलिक अवरोधक तंत्र और प्लेटफ़ॉर्म-विशिष्ट पहुंच पर भी नियंत्रण है। ऐसी चीजों पत्रकारों को जांच में बाधा पैदा करती हैं। इसलिए ऐसे मामलों में विशेष तरीके अपनाने की आवश्यकता है।

चीन का अपना आत्मनिर्भर सोशल मीडिया इकोसिस्टम है। यहां वीबो, वीचैट, शियाओहोंगशु और डॉयिन जैसे प्लेटफ़ॉर्म सख्त नियमों के तहत काम करते हैं। जैसे, इनमें वास्तविक नाम के आधार पर पंजीकरण जरूरी है। इंटरनेट समाचार सेवाओं के प्रशासन संबंधी प्रावधानों में मूल समाचार एकत्र करने की सीमाएं हैं। चीन की ऐसी रणनीति के कारण विदेशी पत्रकारों के लिए पारंपरिक सोशल मीडिया निगरानी और स्रोत विकास करना बेहद मुश्किल काम है।

चीन की जांच करने वाले अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारों के लिए भाषा की बाधा भी एक बुनियादी चुनौती है। पत्रकारों को जहां तक संभव हो, चीनी भाषा के स्रोतों को प्राथमिकता देनी चाहिए। सरकारी वेबसाइटों, कॉरपोरेट घोषणाओं और समाचार रिपोर्टों के अंग्रेजी संस्करण अक्सर मूल चीनी पाठ के महत्वपूर्ण विवरणों को छोड़ देते हैं। अक्सर वही जानकारी छूट जाती है, जो किसी खबर की समाचार योग्यता को निर्धारित करती है।

जो पत्रकार चीनी भाषा में दक्ष नहीं हैं, वे गूगल ट्रांसलेट के ब्राउज़र एक्सटेंशन से व्यावहारिक शुरुआत कर सकते हैं। यह प्रारंभिक कहानी के विकास और स्रोत की पहचान के लिए सटीक अनुवाद करता है। जब प्रकाशन के लिए सटीक उद्धरणों और विशिष्ट विवरणों की आवश्यकता हो, तो कोलोन स्थित डीपएल एसई द्वारा विकसित एक न्यूरल मशीन अनुवाद सेवा का उपयोग कर सकते हैं। डीपएल के जरिए बेहतर अनुवाद गुणवत्ता मिल सकती है। इसने पेशेवर अनुवादकों और शोधकर्ताओं के बीच मान्यता हासिल की है। चैटजीपीटी, क्लाउड और जेमिनी जैसे एआई मॉडल अक्सर अधिक प्रासंगिक तथा बेहतर अनुवाद करते हैं। खासकर जटिल राजनीतिक या तकनीकी सामग्री के लिए इनका उपयोग कर सकते हैं। एआई मॉडल में उपयोग की सीमाएं, डेटा गोपनीयता संबंधी मामले और संभावित विसंगतियां हो सकती हैं। यह समर्पित अनुवाद सेवाओं को व्यवस्थित वर्कफ़्लो एकीकरण के लिए अधिक उपयुक्त बनाती हैं। चीनी स्रोतों के माध्यम से आप प्रमुख व्यक्तियों, कंपनियों या सरकारी अधिकारियों की पहचान कर सकते हैं। इसके बाद अतिरिक्त अंग्रेजी-भाषा कवरेज, नियामक फाइलिंग, संदर्भ और सत्यापन का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे विशेषज्ञ स्रोतों के लिए सर्च इंजन और अंतर्राष्ट्रीय डेटाबेस का उपयोग करके अपनी रिपोर्टिंग का विस्तार कर सकते हैं। जैसे- फैक्टिवा (Factiva), नेक्सिस यूनी (Nexis Uni), एक्सेस वर्ल्ड न्यूज़ (Access World News) और ब्लूमबर्ग टर्मिनल ( Bloomberg Terminal)।

इस गाइड में कई उपकरणों की जानकारी दी गई है। इनका उपयोग करके पर्याप्त डेटा और स्रोत मिल जाएंगे। आप चीन संबंधी अनगिनत खोजी कहानियां लिख सकते हैं। इसके लिए आपको तकनीक के उपयोग में निपुण होना पड़ेगा। आप रचनात्मक तरीके से अपना काम करें। सबसे जरूरी यह है कि मीडिया संस्थान ऐसी कहानियों को प्रोत्साहित करें। कठिन चुनौतियों के बावजूद चीनी संस्थाओं पर खोजी रिपोर्टिंग जरूरी है। दुनिया की सबसे प्रभावशाली शक्तियों में से एक चीन के बारे में दुनिया को सूचित करना आवश्यक और संभव है।

भाग एक: आधिकारिक सरकारी दस्तावेज़

मुख्य सूचना अधिसंरचना

तमाम प्रतिबंधों के बावजूद अब भी सरकारी वेबसाइटों में चीनी कंपनियों और उनके संचालन संबंधी मामलों की विश्वसनीय जानकारी मिल सकती है। संवेदनशील मामलों में भी यह संभव है। शिनजियांग जैसे अत्यधिक संवेदनशील विषयों की भी उपयोगी जानकारी मिल सकती है। कॉरपोरेट गतिविधियों की जानकारी अक्सर सरकारी घोषणाओं और सरकारी मीडिया रिपोर्टिंग में छिपी होने के बजाय आसानी से मिल सकती है।

शिनजियांग श्रमिक स्थानांतरण कार्यक्रम – न्यूयॉर्क टाइम्स की यह जांच ऐसी ही रिपोर्टिंग का उदाहरण है। इस कार्यक्रम ने कंपनियों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं की सेवा जारी रखते हुए प्रतिबंधों से बचने में मदद की। इस जांच में ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ ही सरकारी और कॉरपोरेट घोषणाओं के अलावा आधिकारिक मीडिया कवरेज से मदद मिली।

चीन राष्ट्रीय रेडियो (सीएनआर) वेबसाइट पर एक पोस्ट का स्क्रीनशॉट। इसमें बताया गया है कि झिंजियांग के कर्मचारी तकनीकी कंपनियों में फिर से काम के लिए गुआंग्शी प्रांत गए हैं। इमेज : स्क्रीनशॉट, चाइना नेशनल रेडियो

चीनी कंपनियों संबंधी सार्वजनिक जानकारी पाने के प्रमुख स्रोत यहां दिए गए हैं।

कॉरपोरेट पंजीकरण और नियामक रिकॉर्ड

चीन में सभी कॉरपोरेट जानकारियां व्यापक फ़ाइलों में रखी जाती है। ऐसी जानकारियां सरकारी नियामक एजेंसियों के पास कानूनी दस्तावेज़ के रूप में रखी जाती हैं। इन्हें मुख्य केंद्र पर व्यावसायिक और वाणिज्यिक अभिलेखागार कहा जाता है। उद्योगों संबंधी कुछ बुनियादी जानकारियों को नियामक एजेंसियां विशेष वेबसाइटों पर प्रकाशित करती हैं। इनमें शेयरधारकों के नाम, निदेशकों के नाम और इक्विटी में बदलाव जैसी सूचनाएं शामिल हैं। इस जानकारी तक प्राथमिक सार्वजनिक पहुंच के लिए ‘राष्ट्रीय उद्यम ऋण सूचना प्रचार प्रणाली’ बनाई गई है। इसमें चीन के सभी प्रांतों और नगर पालिकाओं में कंपनी की स्थापना तिथि, पंजीकृत पूंजी, कानूनी प्रतिनिधि, व्यावसायिक दायरा और प्रशासनिक दंड सहित आधिकारिक कॉर्पोरेट पंजीकरण का डेटा मिलता है। कंपनी सूचना खोज उपकरणों के उपयोग पर विस्तृत जानकारी इस गाइड के ‘भाग – दो’ में दी गई है।

इमेज : स्क्रीनशॉट, राष्ट्रीय उद्यम ऋण सूचना प्रचार प्रणाली

नियामक एजेंसी सूचना प्रणाली

चीन में कंपनियों को सार्वजनिक और गैर-सार्वजनिक, दो प्रकार की कंपनियों में बांटा गया है। सार्वजनिक कंपनियां ‘चीन प्रतिभूति नियामक आयोग’ द्वारा निर्धारित प्लेटफार्मों के माध्यम से सूचना के प्रकटीकरण चैनलों और नियमों का पालन करती है। गैर-सार्वजनिक कंपनियां सरकारी नियामक प्रकटीकरण पर काफी निर्भर हैं। अधिकांश कॉरपोरेट गतिविधियों के लिए कानूनी अनुपालन हेतु विभिन्न सरकारी नियामक एजेंसियों के साथ फाइलिंग और समीक्षा जरूरी है। प्रमुख सूचना श्रेणियां इस प्रकार हैं :

 बौद्धिक संपदा और डिजिटल एस्सेट्स

1 डेटाबेस/प्राधिकरण – ट्रेडमार्क पंजीकरण
URL – https://sbj.cnipa.gov.cn/sbj/sbcx/
उद्देश्य/सामग्री – राष्ट्रीय ट्रेडमार्क पंजीकरण और आवेदन
2 डेटाबेस/प्राधिकरण – पेटेंट डेटाबेस
URL – https://pss-system.cponline.cnipa.gov.cn/conventionalSearch
उद्देश्य/सामग्री – पेटेंट फाइलिंग और बौद्धिक संपदा रिकॉर्ड
3 डेटाबेस/प्राधिकरण – आईसीपी/डोमेन पंजीकरण
URL – https://beian.miit.gov.cn/#/Integrated/recordQuery
उद्देश्य/सामग्री – वेबसाइट पंजीकरण और डोमेन स्वामित्व डेटा

प्राकृतिक संसाधन और पर्यावरण

1 डेटाबेस/प्राधिकरण – भूमि लेनदेन प्लेटफ़ॉर्म
URL –  https://www.landchina.com/#/
उद्देश्य/सामग्री – संपत्ति हस्तांतरण, भूमि उपयोग अधिकार
2 डेटाबेस/प्राधिकरण – पर्यावरण अनुमोदन
URL – https://www.mee.gov.cn/xxgk2018/
उद्देश्य/सामग्री – पर्यावरण प्रभाव आकलन और अनुपालन
3 डेटाबेस/प्राधिकरण – प्रदूषण उत्सर्जन परमिट
URL  – https://permit.mee.gov.cn/permitExt/defaults/default-index!getInformation.action
उद्देश्य/सामग्री – पर्यावरण उत्सर्जन प्राधिकार देना

व्यावसायिक लाइसेंस और परमिट

1 डेटाबेस/प्राधिकरण – दूरसंचार परमिट
URL – https://tsm.miit.gov.cn/dxxzsp/
उद्देश्य/सामग्री – दूरसंचार संचालन लाइसेंस, परमिट देना
2 डेटाबेस/प्राधिकरण – वाणिज्यिक फ्रैंचाइज़िंग
URL – http://txjy.syggs.mofcom.gov.cn/
उद्देश्य/सामग्री – फ्रैंचाइज़ी व्यवसाय प्राधिकार देना
3 डेटाबेस/प्राधिकरण – प्रत्यक्ष बिक्री लाइसेंसिंग
URL – https://zxgl.mofcom.gov.cn/front/index
उद्देश्य/सामग्री – प्रत्यक्ष बिक्री कंपनी परमिट देना
4 डेटाबेस/प्राधिकरण – निर्माण इंजीनियरिंग
URL – https://www.ceqmc.org/comlist/
उद्देश्य/सामग्री – निर्माण और इंजीनियरिंग योग्यता

स्वास्थ्य सेवा और सुरक्षा

1 डेटाबेस/प्राधिकरण – चिकित्सा उत्पाद डेटाबेस
URL- https://www.nmpa.gov.cn/datasearch/home-index.html

उद्देश्य/सामग्री – दवा, चिकित्सा उपकरण और सौंदर्य प्रसाधन अनुमोदन
2 डेटाबेस/प्राधिकरण – खाद्य सुरक्षा लाइसेंसिंग
URL – https://spaqjg.e-cqs.cn/spscxk/
उद्देश्य/सामग्री – खाद्य सुरक्षा और उत्पादन परमिट
3 डेटाबेस/प्राधिकरण – चिकित्सा संस्थान रजिस्ट्री
URL – https://www.nhc.gov.cn/wjw/sjcx/sjcx.shtml
उद्देश्य/सामग्री – स्वास्थ्य सेवा सुविधा लाइसेंस एवं योग्यता
4 डेटाबेस/प्राधिकरण – उत्पाद गुणवत्ता प्रमाणन
URL – https://www.cqc.com.cn/www/chinese/zscx/
उद्देश्य/सामग्री – गुणवत्ता प्रमाणन और मानक

वित्तीय और विशिष्ट उद्योग

1 डेटाबेस/प्राधिकरण – वित्तीय संस्थान लाइसेंस
URL – https://xkz.nfra.gov.cn/
उद्देश्य/सामग्री – बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के परमिट
2 डेटाबेस/प्राधिकरण – नागरिक उड्डयन रजिस्ट्री
URL – https://www.caac.gov.cn/FWDT/ZZCX/
उद्देश्य/सामग्री – विमानन उद्योग प्रमाणन

सरकारी खरीद

1 डेटाबेस/प्राधिकरण – खरीद सूचना मंच
URL – http://www.ccgp.gov.cn/
उद्देश्य/सामग्री – सार्वजनिक अनुबंध पुरस्कार, बोली डेटा

विदेशी निवेश आंकड़े

गोइंग आउट पब्लिक सर्विस प्लेटफ़ॉर्म – यह वाणिज्य मंत्रालय द्वारा नामित है। यह निवेश संबंधी व्यापक दिशानिर्देश प्रदान करता है। इसमें द्विपक्षीय व्यापार आंकड़े और अनुबंधित परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलती है। किन चीनी कंपनियों को बड़े अंतर्राष्ट्रीय सौदे मिल रहे हैं, इसकी जानकारी मिल सकती है।

स्क्रीनशॉट : चीनी सरकार का एक दस्तावेज़। इसमें विदेशी इंजीनियरिंग अनुबंधों और आसियान देशों में आर्थिक सहयोग क्षेत्रों की जानकारी है।

इस प्लेटफ़ॉर्म पर दुनिया भर में चीनी दूतावासों के आर्थिक और वाणिज्यिक कार्यालयों की वेबसाइट के लिंक हैं।

इमेज : स्क्रीनशॉट : गोइंग आउट पब्लिक सर्विस प्लेटफ़ॉर्म

इस डेटाबेस में निम्नलिखित जानकारी मिल सकती है-

  • चीन की कॉरपोरेट कंपनियों की विभिन्न देशों में वर्तमान गतिविधियां।
  • चीन के अधिकारियों के साथ कौन-सी चीनी कंपनियां बैठक कर रही हैं।
  • उनके प्रस्तावित निवेशों का पैमाना और दायरा।
  • अनुबंध या साझेदारी हासिल करने में उनकी प्रगति।

इमेज : स्क्रीनशॉट, चीन वाणिज्य मंत्रालय

चीन के विदेशी निवेशों का यह डेटाबेस काफी उपयोगी है। यह विदेशी नियामक परिवेशों के माध्यम से चीनी कॉरपोरेट गतिविधियों की रिवर्स इंजीनियरिंग के लिए एक आधार के रूप में कार्य करता है। इस गाइड के भाग – चार में इस पद्धति का वर्णन किया गया है। पारदर्शी विदेशी प्रकटीकरण आवश्यकताओं का लाभ उठाकर आप उन चीनी संस्थाओं की जांच कर सकते हैं जिनकी चीन के घरेलू सूचना माहौल में जानकारी नहीं मिलती।

न्यायिक और कानूनी रिकॉर्ड

चीन की न्यायिक प्रणाली में आपको कानूनी जानकारी संबंधी के लिए कई माध्यम मिल सकते हैं। यह खोजी रिपोर्टिंग के लिए उपयोगी है। चीन के प्रांतों और क्षेत्रों में सभी स्तरों पर न्यायिक शाखाएं अपनी वेबसाइट में महत्वपूर्ण न्यायिक जानकारी देती हैं। इनमें अदालती सुनवाई की घोषणाएं, ऐतिहासिक मामले और अन्य न्यायिक कार्यवाहियां शामिल हैं। इससे सूचना स्रोतों का एक नेटवर्क बनता है। यह मुख्य राष्ट्रीय डेटाबेस से परे आपको अतिरिक्त संदर्भ और विवरण प्रदान कर सकता है।

 केंद्रीय स्तर पर दो प्राथमिक प्लेटफ़ॉर्म हैं। यह चीन की न्यायिक सूचना प्रकटीकरण की रीढ़ के रूप में कार्य करते हैं –

  1. चाइना जजमेंट्स ऑनलाइन (सीजेओ)
  2. चाइना एनफोर्समेंट इन्फॉर्मेशन ऑनलाइन

ये चीनी पत्रकारों द्वारा आमतौर पर उपयोग किए जाने वाले स्रोत हैं। इनमें उपयोगकर्ता की सुविधा के अनुकूल सर्च की सुविधा है। इनमें न्यायिक दस्तावेज़ों की पूरी सामग्री उपलब्ध है। इनमें संबंधित दस्तावेज़, निर्देशिकाएं और केस सारांश भी मिल जाएगा।

चीनी कंपनियों के कानूनी विवादों और नियामक उल्लंघनों की जांच के लिए ‘चाइना जजमेंट्स ऑनलाइन’ एक महत्वपूर्ण प्लेटफ़ॉर्म है। हालांकि इसे लगातार प्रतिबंधित किया जा रहा है। इसे 2013 में शुरू किया गया था। पहले यह अदालती फैसलों का दुनिया का सबसे बड़ा डेटाबेस था। इसमें 2020 तक दस करोड़ से ज़्यादा मामले शामिल थे। लेकिन 2021 से चीन सरकार ने लाखों मामलों को सार्वजनिक मंच से हटा दिया है। इसलिए इसका महत्व काफी सीमित रह गया है। सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट ने ‘ट्विटर’, ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ या ‘राष्ट्रीय नेताओं’ जैसे कथित ‘संवेदनशील’ शब्दों से जुड़े मामलों को हटा दिया है। असंतुष्टों के खिलाफ आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले सभी ‘विवादित’ मामलों को समाप्त कर दिया है। पार्टी की पोल खोलने वाले करने वाले हाई-प्रोफाइल भ्रष्टाचार के मामलों को भी हटा दिया गया है।

इस प्लेटफ़ॉर्म पर अब पत्रकारिता संबंधी शोध को सीमित करने वाले कई प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। इस डेटाबेस तक पहुंचने के लिए उपयोगकर्ताओं को चीनी फ़ोन नंबर के साथ पंजीकरण करना होगा। इसके कारण अधिकारी आपकी ‘सर्च’ पर नजर रख सकते हैं। इसमें परिणाम पहले 600 मामलों तक ही सीमित हैं। वार्षिक प्रकाशन 2020 में 19.2 मिलियन मामले थे। इन्हें 2023 में घटाकर मात्र 5.11 मिलियन कर दिया गया है। हालाँकि चीनी अधिकारियों ने 2024 में 9.69 मिलियन तक की वृद्धि का दावा किया है। इन सीमाओं के बावजूद यह प्लेटफार्म काफी उपयोगी बना हुआ है। आप इसके जरिए कॉरपोरेट विवादों और नियामक उल्लंघनों की जांच कर सकते हैं। व्यावसायिक परिश्रम अनुसंधान, भाषण अभियोजन के मामलों का दस्तावेजीकरण और गैर-संवेदनशील क्षेत्रों में कानूनी मिसालों को समझने के लिए पत्रकारों को महत्वपूर्ण मामलों का तुरंत अपने पास संग्रह कर लेना चाहिए। उन्हें बिना किसी सूचना के किसी भी वक्त हटाया जा सकता है।

इमेज : स्क्रीनशॉट चाइना जजमेंट्स ऑनलाइन

चाइना एनफोर्समेंट इन्फॉर्मेशन ऑनलाइन – यह अदालती प्रवर्तन कार्रवाइयों पर नज़र रखता है। यह सीजेओ की तुलना में अधिक सुलभ है। यह प्लेटफ़ॉर्म प्रवर्तन कार्यवाही, संपत्ति ज़ब्ती और ज़ब्ती आदेशों, ऋण चूक और अनुपालन विफलताओं की जानकारी देता है। अधिकारियों पर लगाए गए यात्रा एवं उपभोग प्रतिबंधों के तहत कंपनियों के बारे में बहुमूल्य जानकारी मिल सकती है। यह कॉरपोरेट वित्तीय संकट और अनुपालन संबंधी मुद्दों की जांच के लिए एक महत्वपूर्ण पूरक संसाधन है।

स्थानीय सरकार के ओपन डेटा प्लेटफ़ॉर्म

चीन के प्रमुख शहरों और प्रांतों ने अपने स्वयं के ओपन डेटा प्लेटफ़ॉर्म स्थापित किए हैं। यह व्यापक डिजिटल सरकारी पहल और प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए किया गया है। ऐसे प्लेटफ़ॉर्म चीन के ‘स्मार्ट सिटी’ विकास और ई-गवर्नेंस आधुनिकीकरण के प्रयासों के साथ उभरे हैं। इनसे स्थानीय सरकारों द्वारा सार्वजनिक सेवाओं में सुधार, निवेश आकर्षित करने और प्रशासनिक दक्षता प्रदर्शित करने के प्रयासों का पता चलता है।

इसके प्रमुख उदाहरण हैं-

ऐसे प्लेटफ़ॉर्म कई प्रकार के आर्थिक आंकड़े, पर्यावरण निगरानी, परिवहन डेटा, सार्वजनिक सेवाओं की जानकारी और प्रशासनिक अनुमोदन सहित विभिन्न सरकारी कार्यों की जानकारी प्रदान करते हैं। डेटा का दायरा और उसकी गुणवत्ता अलग-अलग क्षेत्राधिकारों के अनुसार भिन्न होती है। आर्थिक रूप से विकसित क्षेत्र आमतौर पर अधिक व्यापक और नियमित रूप से अद्यतन डेटासेट प्रदान करते हैं।

इमेज : स्क्रीनशॉट, शंघाई ओपन डेटा

इनमें आपको राष्ट्रीय कहानियों के लिए मूल्यवान स्थानीय संदर्भ मिल जाएंगे। क्षेत्रीय असमानताओं की जांच के लिए आधारभूत आंकड़े और स्थानीय सरकार की प्राथमिकताओं और प्रदर्शन की जानकारी भी मिलेगी। इनके आंकड़े अक्सर जनता के उपयोग के लिए संशोधित किए जाते हैं। इनमें शासन संबंधी चुनौतियों या विवादास्पद नीतिगत परिणामों से संबंधित संवेदनशील जानकारी नहीं मिलती। ऐसे प्लेटफ़ॉर्म पारदर्शिता के प्रति चीनी सरकार के एकांगी दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। इनमें सूचना साझा करने से सार्वजनिक जवाबदेही का पूरी तरह निर्वहन नहीं किया जाता है। पत्रकारों को इसके आधिकारिक आंकड़े का अन्य स्रोतों से संदर्भ लेना चाहिए। ध्यान रहे कि यह जानकारी व्यापक प्रशासनिक पारदर्शिता के बजाय स्थानीय सरकारों द्वारा जारी सूचना है।

सरकारी मीडिया और आधिकारिक संचार

सरकारी मीडिया को पत्रकार अक्सर सरकारी प्रचार समझकर महत्व नहीं देते हैं। लेकिन इनमें ऐसे विश्वसनीय दस्तावेज मिलते हैं कि किन कंपनियों को सरकार का समर्थन प्राप्त है और वे व्यापक राज्य उद्देश्यों से कैसे जुड़ती हैं। सबसे प्रामाणिक स्रोतों में शिन्हुआ समाचार एजेंसी, पीपुल्स डेली, चाइना सेंट्रल टेलीविज़न (सीसीटीवी) और चाइना डेली शामिल हैं। पत्रकारों को इनकी वेबसाइटों के बजाय प्रिंट संस्करणों को प्राथमिकता देनी चाहिए। राज्य मीडिया संगठनों के वेबसाइट संस्करण अपेक्षाकृत कमजोर संपादकीय दिशानिर्देशों के तहत काम करते हैं। कई बार इनमें राजस्व पाने के लिए भुगतान की गई सामग्री प्रकाशित होती है। इसके कारण आधिकारिक पक्ष की सही जानकारी नहीं मिल पाती।

पीपुल्स डेली चीनी सरकार की नीति संबंधी दिशा का सबसे विश्वसनीय स्रोत है। इसकी मुद्रित सामग्री पर सबसे सख्त संपादकीय निगरानी होती है। यह पार्टी नेतृत्व की प्राथमिकताओं को दर्शाता है। इसके डिजिटल संग्रह में 1946 से लेकर अब तक के ऐतिहासिक मुद्रित संस्करण मिल सकते हैं।

इमेज : स्क्रीनशॉट, पीपुल्स डेली

चाइना मीडिया प्रोजेक्ट – यह ताइवान स्थित एक शोध पहल है। यह जवाबदेही रिपोर्टिंग के लिए सरकारी मीडिया रिपोर्टों का लाभ उठाने के लिए प्रसिद्ध है। चाइना-अरब टीवी (CATV) पर इसकी एक जांच बहुत चर्चित खबर रही है। इसने यह पता लगाया कि कैसे दुबई स्थित एक स्वतंत्र टेलीविजन नेटवर्क दरअसल चीनी हितों द्वारा नियंत्रित था। इस जांच के लिए सरकारी मीडिया रिपोर्टों, कॉरपोरेट दस्तावेज़ों और आधिकारिक बैठकों की कवरेज का उपयोग हुआ।

भाग दो: वाणिज्य डेटाबेस और कॉरपोरेट इंटेलिजेंस

जीआईजेएन ने 2019 में चीनी कंपनियों की जांच के लिए एक गाइड प्रकाशित की थी। हालांकि, तब से अब के माहौल में काफ़ी बदलाव आया है। लेकिन मूल कार्यप्रणाली अब भी प्रासंगिक है। चीनी कॉरपोरेट संरचनाओं की जांच के लिए वाणिज्यिक प्लेटफ़ॉर्म आवश्यक हो गए हैं। इनमें बुनियादी कंपनी लुकअप से लेकर परिष्कृत वित्तीय विश्लेषण और संबंध जोड़ने का अवसर मिलता है। लेकिन इन प्लेटफ़ॉर्म तक पहुंच पर प्रतिबंध बढ़ता जा रहा है। चीन सरकार भौगोलिक अवरोध और पंजीकरण संबंधी अनिवार्यता लागू कर रही है। इसलिए पत्रकारों को तकनीकी समाधान और वैकल्पिक पहुंच रणनीति बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

कॉरपोरेट सेल्फ डिस्क्लोजर चैनल

कंपनी की आधिकारिक वेबसाइटें और प्रेस विज्ञप्ति

कंपनियों के आधिकारिक चैनल कॉरपोरेट वेबसाइटों और मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराते हैं। लेकिन खबर के लिए असली जानकारी बनाम प्रचार सामग्री के बीच फर्क करना जरूरी है। इसके लिए परिष्कृत विश्लेषण तकनीक का उपयोग करना होगा। कंपनियां रणनीतिक रूप से चालाकी से चुनी गई भाषा का उपयोग करके प्रचार सामग्री तैयार करती हैं। इनमें सकारात्मक पहलुओं पर ज़ोर दिया जाता है। नकारात्मक पहलुओं को कम करके दिखाया जाता है। जैसे,  ‘वित्तीय दबाव के कारण छंटनी’ के बजाय ‘दक्षता के लिए पुनर्गठन’ जैसी शब्दावली का उपयोग होता है। इनमें चुनिंदा जानकारी दी जाती है। घटते लाभ मार्जिन को छिपाते हुए राजस्व वृद्धि पर प्रकाश डाला जाता है। खोए हुए प्रमुख ग्राहकों का उल्लेख किए बिना नई साझेदारियों पर ज़ोर दिया जाता है।

सूचीबद्ध कंपनी सूचना प्रकटीकरण

‘चीन प्रतिभूति नियामक आयोग’ – यह सार्वजनिक कंपनियों के लिए प्रत्यक्ष नियामक प्राधिकरण के रूप में कार्य करता है। यह लगभग 5,422 (5,422) सूचीबद्ध सार्वजनिक कंपनियों की देखरेख करता है। इसने कई आधिकारिक समाचार पत्रों और अपनी आधिकारिक CNINFO वेबसाइट को सार्वजनिक कंपनी सूचना प्रकटीकरण के लिए अनिवार्य माध्यम घोषित किया है। लेकिन इनमें कंपनियों के लिए विश्लेषणात्मक या खोजी सामग्री मिलने के बजाय महज कानूनी प्रकटीकरण दायित्वों की खानापूर्ति होती है।

वैकल्पिक कॉरपोरेट सूचना स्रोत

बॉन्ड बाज़ार

कई कंपनियां कॉरपोरेट बॉन्ड जारी करके अपना वित्तपोषण करती हैं। इसके लिए रेटिंग एजेंसियों के साथ प्रकटीकरण दायित्व निभाने पड़ते हैं। जैसे, प्रॉस्पेक्टस, वित्तीय विवरण और कार्यकारी परिवर्तनों जैसी प्रमुख घटनाओं की घोषणा। इनमें नियमित मूल्यांकन रिपोर्ट दी जाती है। चीन का कॉरपोरेट बॉन्ड बाज़ार कई प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से संचालित होता है। जैसे- चाइना बॉन्ड, शंघाई क्लियरिंग हाउस, नेशनल एसोसिएशन ऑफ़ फ़ाइनेंशियल मार्केट इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स, चाइना मनी, शंघाई स्टॉक एक्सचेंज और शेन्ज़ेन स्टॉक एक्सचेंज

वित्त मंत्रालय ने चीन का इलेक्ट्रॉनिक स्थानीय सरकारी बॉन्ड मार्केट एक्सेस (CELMA) प्लेटफ़ॉर्म स्थापित किया है। यह सरकारी बॉन्ड जारी करने और नगरपालिका एवं प्रांतीय वित्तपोषण परियोजनाओं में संबंधित कॉरपोरेट भागीदारी में पारदर्शिता प्रदान करता है।

इमेज : स्क्रीनशॉट, चाइना इलेक्ट्रॉनिक लोकल गवर्नमेंट बॉन्ड मार्केट एक्सेस (CELMA)

ऐसे स्रोत कंपनियों की आंतरिक संरचना, वित्तीय विश्लेषण, प्रबंधन स्थितियों और उद्योग पृष्ठभूमि सहित व्यापक व्यावसायिक कवरेज देते हैं। इनमें कॉरपोरेट संबंधी विस्तृत जानकारी का खुलासा होता है। ऐसी जानकारी अक्सर अन्य माध्यमों से उपलब्ध नहीं होती है। रेटिंग एजेंसी की रिपोर्ट में कॉरपोरेट संचालन और वित्तीय स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी तृतीय-पक्ष आकलन मिलता है।

संपत्ति अधिकार एक्सचेंज

सरकारी उद्यमों को इक्विटी, ऋण और अचल संपत्तियों सहित संपत्ति अधिकारों का हस्तांतरण करते समय सार्वजनिक लेनदेन और परिचालन संबंधी जानकारी का खुलासा करना आवश्यक है। संपत्ति अधिकार हस्तांतरण की जानकारी अक्सर गैर-सार्वजनिक कंपनी जानकारी के लिए प्रकटीकरण का पहला अवसर प्रस्तुत करती है। लगभग हर चीनी प्रांत और नगरपालिका संपत्ति अधिकार एक्सचेंज संचालित करते हैं। वे आधिकारिक वेबसाइटों पर लेनदेन संबंधी जानकारी प्रकाशित करते हैं। इनमें बीजिंग इक्विटी एक्सचेंज और शंघाई यूनाइटेड एसेट्स एंड इक्विटी एक्सचेंज सबसे बड़ी मात्रा में लेनदेन को संभालते हैं। खास तौर पर प्रमुख राज्य के स्वामित्व वाले उद्यम लेनदेन के लिए। इनमें प्रस्तुत जानकारी में इक्विटी संरचना, वित्तीय डेटा और हस्तांतरण विवरण शामिल हैं। इनसे अस्पष्ट कॉरपोरेट संरचना के बारे में दुर्लभ जानकारी मिल सकती है।

चित्र: स्क्रीनशॉट, चाइना बीजिंग इक्विटी एक्सचेंज

साझेदारी उद्यम जानकारी

साझेदारी उद्यम संबंधी जानकारी का प्रकटीकरण नियामक एजेंसियों पर अधिक निर्भर है। चाइना सिक्योरिटीज इन्वेस्टमेंट फंड इंडस्ट्री एसोसिएशन की वेबसाइट में निजी निधि साझेदारी की जानकारी उपलब्ध है। यह नियामक निरीक्षण कार्य करती है।

व्यावसायिक विश्लेषण उपकरण

 वित्तीय टर्मिनल प्रणाली

सार्वजनिक कंपनी की जानकारी को कई व्यावसायिक डेटाबेस द्वारा सार्वजनिक किया जा रहा है। ऐसे डेटा को खास तरीके से संसाधित किया जाता है। सार्वजनिक कंपनी की जानकारी महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवसर प्रस्तुत करती है। इसलिए कई संस्थानों ने इसे व्यापक रूप से विकसित किया है। ये व्यावसायिक उपकरण आपको सूचना निकालने में काफी मदद कर सकते हैं।

लैपटॉप और मोबाइल क्लाइंट इंटरफेस के माध्यम से ऐसे वित्तीय टर्मिनल संचालित होते हैं। इनमें विंड इन्फॉर्मेशन, चॉइस और टोंगहुआशुन iFinD प्रमुख हैं। इनकी क्षमता चीन के ब्लूमबर्ग टर्मिनलों के समकक्ष है। ये प्लेटफ़ॉर्म समान मूल कार्यक्षमता प्रदान करते हैं। इनमें संरचित डेटा और विज़ुअलाइज़्ड वित्तीय रिपोर्टों के माध्यम से सार्वजनिक कंपनियों की प्रमुख जानकारी मिलती है। वित्तीय टर्मिनल डेटा कवरेज काफी व्यापक है। इनमें चीन के शंघाई और शेन्ज़ेन एक्सचेंज से लेकर हांगकांग, अमेरिका और लंदन के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंजों तक के डेटा मिल जाते हैं। इनके साथ ही, मैक्रोइकॉनॉमिक और उद्योग डेटा से लेकर फंड, धन प्रबंधन, बॉन्ड और वायदा जानकारी भी मिल जाएगी। इनमें स्पष्ट रूप से संरचित मेनू हैं। उपयोगकर्ता विभिन्न वित्तीय दस्तावेज़ों को डाउनलोड किए बिना ही उनमें कार्यकारी परिवर्तनों और पृष्ठभूमि की जानकारी ले सकते हैं। व्यवसाय मॉडल विकास, राजस्व और लाभ में परिवर्तन, ऋण संरचनाओं और नकदी प्रवाह की जानकारी भी मिल जाएगी। आप इनमें कंपनी से संबंधित समाचार रिपोर्टों और शोध रिपोर्टों को आसानी से ढूंढ सकते हैं।

विंड इन्फ़ॉर्मेशन वर्तमान में संस्थागत ग्राहक बाज़ार पर हावी है। इनमें डेटा की सटीकता होती है। उच्चस्तरीय होने के कारण चीन के वित्तीय पत्रकार इसका उपयोग अपने आधिकारिक स्रोत के बतौर करते हैं। इन प्लेटफ़ॉर्म तक पहुंच की लागत में काफ़ी अंतर होता है। विंड इन्फ़ॉर्मेशन के एकल टर्मिनल खातों की लागत लगभग 40,000 आरएमबी (लगभग 5,500 यूएस डॉलर) प्रति वर्ष है। टोंगहुआशुन iFinD की कीमत भी लगभग इतनी ही है। चॉइस टर्मिनल 5,800 आरएमबी (लगभग 800 यूएस डॉलर) प्रति वर्ष पर अधिक सुलभ है।

वित्तीय टर्मिनल में व्यापक संरचित डेटा प्रोसेसिंग की सुविधा मिलती है। लेकिन इनमें सूचना की पुनर्प्राप्ति मुश्किल है। खासकर विभिन्न सार्वजनिक कंपनी घोषणाओं के जटिल प्रारूपों के लिए। जैसे, टेस्ला से व्यावसायिक संबंध रखने वाली सभी चीनी सार्वजनिक कंपनियों को इन वित्तीय टर्मिनलों के माध्यम से खोजना मुश्किल होगा।

जियानवेई डेटा जैसे प्लेटफ़ॉर्म सभी सार्वजनिक कंपनी घोषणाओं की जानकारी को टेक्स्ट प्रारूप में परिवर्तित करने में कुशल हैं। इसमें छवि-प्रारूप मूल्यांकन रिपोर्ट भी शामिल है। सर्च बॉक्स में केवल ‘टेस्ला’ टाइप करने पर इस कीवर्ड का उल्लेख करने वाली सभी सार्वजनिक कंपनी घोषणाएं स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं। शंघाई, शेन्ज़ेन और नेशनल इक्विटी एक्सचेंज एंड कोटेशन्स की त्रि-बाज़ार घोषणाओं के तहत, टेस्ला की सर्च के 14,136 परिणाम प्राप्त होते हैं। सटीक जानकारी के लिए अतिरिक्त फ़िल्टर की सुविधा भी हैं।

इमेज : स्क्रीनशॉट, जियानवेई डेटा

सर्च करने की ऐसी क्षमता कई खोजी अनुप्रयोगों के लिए अमूल्य है। किसी सामाजिक घटना या नीतिगत परिवर्तन की स्थिति में पत्रकार इनसे प्रभावित कंपनियों की पहचान तुरंत कर सकते हैं। कई बार कदवा कंपनियों पर उत्पादन धोखाधड़ी के आरोप लगते हैं। आप इसमें सर्च करके वास्तविक नियंत्रकों, समस्याग्रस्त उत्पाद की बिक्री मात्रा और ग्राहक नेटवर्क का पता लगा सकते हैं। यह प्लेटफ़ॉर्म क्षेत्र के विकास पैटर्न का विश्लेषण करने के लिए ‘इलेक्ट्रिक वाहन’ जैसे शब्दों की खोज करके व्यापक उद्योग अनुसंधान को सक्षम बनाता है। आप यह सर्च कर सकते हैं कि कंपनियां समय के साथ कितनी बार विशिष्ट व्यावसायिक लाइनों या मुख्य उत्पादों का उल्लेख करती हैं। इससे रणनीतिक स्थिति में ऐसे बदलाव सामने आते हैं, जो संरचित वित्तीय डेटा में दिखाई नहीं दे सकते।

जियानवेई डेटा एआई-संचालित पाठ और प्रसंस्करण का उपयोग करता है। इसलिए पत्रकारों को प्राथमिक स्रोतों के माध्यम से प्रमुख निष्कर्षों की पुष्टि करनी चाहिए। यह प्लेटफ़ॉर्म प्रासंगिक दस्तावेज़ों और कनेक्शनों की पहचान करने में उत्कृष्ट है। लेकिन स्वचालित प्रसंस्करण जटिल वित्तीय भाषा की गलत व्याख्या कर सकता है। यह किसी सूक्ष्म संदर्भ को नज़रअंदाज़ कर सकता है। इसे आप मानवीय विश्लेषण के जरिए पकड़ सकते हैं।

जियानवेई डेटा मुफ़्त और सशुल्क दोनों तरह से उपलब्ध है। इसलिए यह व्यक्तिगत पत्रकारों और छोटे संगठनों के लिए सुलभ है। बुनियादी खोज कार्यक्षमता सभी उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। प्रीमियम सदस्यता की वार्षिक लागत लगभग 368 आरएमबी (लगभग 50 यूएस डॉलर) है। सशुल्क संस्करण समान मूल खोज क्षमता प्रदान करता है। इसमें विस्तृत फ़िल्टरिंग विकल्प भी मिलता है। इसके कारण शोध की सटीकता और दक्षता बढ़ती है। यहां प्रस्तुत सुविधा तुलना तालिका में इसे दिखाया गया है। प्रीमियम उपयोगकर्ता 10,000 खोज परिणामों तक पहुँच सकते हैं। मुफ़्त उपयोगकर्ता 20 खोज परिणामों तक पहुँच सकते हैं। उन्नत फ़िल्टरिंग, बल्क डाउनलोड और 5,000 कंपनियों तक के लिए कस्टम पोर्टफोलियो निर्माण भी कर सकते हैं।

वाणिज्यिक सूचना एग्रीगेटर

कुछ वाणिज्यिक प्लेटफ़ॉर्म में सरकारी सार्वजनिक जानकारी को क्रॉल करके उपयोगी जानकारी दी जाती है। इनमें कंपनियों की शेयर संबंधी संरचना, वित्तीय डेटा और व्यावसायिक संबंधों के डेटा मिल जाते हैं। जैसे – किचाचा, तियानयांचा और क्विक्सिन

इमेज : स्क्रीनशॉट, किचाचा

अफ्रीका स्थित चीनी मीडिया कंपनी, ‘स्टारटाइम्स’ की जांच का उदाहरण देखें। सर्च से पता चलता है कि यह ‘स्टारटाइम्स कम्युनिकेशन नेटवर्क टेक्नोलॉजी कंपनी लिमिटेड’ से जुड़ी कंपनी है। ‘किचाचा’ में इस कंपनी की पूरी लाभ श्रृंखला संरचना को आसानी से प्रदर्शित किया गया है। ऐसे प्लेटफ़ॉर्म लाभ श्रृंखला संरचना की पहचान के लिए इक्विटी स्वामित्व की गहराई से जांच करते हैं। किसी जटिल व्यावसायिक संस्थान की जांच के लिए यह महत्वपूर्ण है। आधिकारिक प्रणालियों के माध्यम से कई उद्यमों से अलग-अलग पूछताछ करना जटिल है। ऐसे स्वचालित रूप से इक्विटी संरचना चार्ट बने होते हैं। इनमें प्रारंभिक जानकारी होने के कारण आपका काफ़ी समय बच सकता है।

इमेज : स्क्रीनशॉट, किचाचा

ऐसे प्लेटफ़ॉर्म में मनुष्य से लेकर कंपनियों तक की जांच की काफी सुविधा है। पारंपरिक रूप से खोजी रिपोर्टिंग के लिए ऐसे काम काफी चुनौतीपूर्ण होते हैं। अगर आप कानूनी प्रतिनिधि पैंग शिनशिंग का सर्च करें, तो उससे संबंधित सभी कंपनियों की जानकारी सामने आ सकती है। यदि उसी नाम के कई लोग हों, तो आपको नाम और विवरण का मिलान करना होगा। वाणिज्यिक संस्थान समान नाम वाले कई लोगों में अंतर करने के लिए डेटा विश्लेषण का उपयोग करते हैं। लेकिन इसमें पूर्ण सटीकता की गारंटी नहीं दी जा सकती। इसलिए इसके सत्यापन की आवश्यकता होती है।

चित्र: स्क्रीनशॉट, किचाचा

पहुंच संबंधी बाधा

कई वाणिज्यिक डेटाबेस में जियो-ब्लॉकिंग तकनीक का उपयोग होता है। यह अंतर्राष्ट्रीय उपयोगकर्ताओं की पहचान करके उन्हें ब्लॉक कर देती है। स्थानीय लोगों को वास्तविक नाम पंजीकरण प्रणाली से जुड़े चीनी मोबाइल फ़ोन नंबरों के जरिए सत्यापन आवश्यक है। इसके कारण विदेशी पत्रकारों को ऐसे डेटा का उपयोग करने में बाधा आती है।

चित्र: स्क्रीनशॉट, किचाचा

ट्रांसॉक्स जैसी वीपीएन सेवाएं घरेलू प्लेटफ़ॉर्म तक पहुंच के लिए आवश्यक चीनी आईपी पते बनाए रखती हैं। यह एक महत्वपूर्ण अंतर है। सभी वीपीएन सेवाएं चीनी वाणिज्यिक डेटाबेस के लिए आवश्यक भौगोलिक स्पूफिंग प्रदान नहीं करती हैं। ताओबाओ व्यापारी लक्षित शोध परियोजनाओं के लिए सात-दिवसीय क्यूचाचा सदस्यता सहित अस्थायी डेटाबेस एक्सेस बेचकर व्यावहारिक समाधान प्रदान करते हैं। ई-सेंडर जैसी सेवाएं पंजीकरण सत्यापन के लिए वर्चुअल चीनी फ़ोन नंबर प्रदान करने के लिए वीचैट सिस्टम के भीतर काम करती हैं।

लेकिन कोई भी सेवा हमेशा स्थिर नहीं रह पाती हैं। प्लेटफ़ॉर्म लगातार उपयोगकर्ताओं की पहचान करके उन्हें रोकने के तरीकों को अपडेट करते रहते हैं। इसके कारण पत्रकारों को ऐसे डाटा तक पहुंचने के तरीकों के बारे में जानकारी रखनी होगी। उन्हें लगातार शोध क्षमता के लिए कई बैकअप दृष्टिकोण बनाने होंगे।

भाग तीन : इंटरनेट अनुसंधान

ग्रेट फ़ायरवॉल और परिष्कृत सेंसरशिप तंत्र के कारण चीन का सूचना वातावरण काफी चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद सोशल मीडिया में चीनी कंपनियों और उनकी गतिविधियों की जांच के लिए पत्रकारों को बहुमूल्य जानकारी मिल सकती है।

 सोशल मीडिया

वीबो और डॉयिन जैसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इस मामले में उपयोगी हैं। इनमें चीनी कंपनियों और उनकी गतिविधियों से जुड़ी बहुमूल्य जानकारी मिलती है। चीनी कंपनियां अपनी आधिकारिक घोषणाओं, बयानों और संकटकालीन संचार के लिए वीबो का उपयोग करती हैं। मनोरंजन जगत से जुड़े प्रमुख लोग भी किसी नकारात्मक खबर के बाद सार्वजनिक माफ़ी या स्पष्टीकरण के लिए इसका उपयोग करते हैं। ये कॉरपोरेट सोशल मीडिया पोस्ट अक्सर विवादों, व्यावसायिक साझेदारियों, कार्यकारी बयानों की जानकारी देते हैं। इनमें परिचालन संबंधी विकास पर कंपनी की तात्कालिक प्रतिक्रिया भी मिल सकती है। संभव है कि ऐसी चीजें आधिकारिक चैनलों या वाणिज्यिक डेटाबेस में देखने को न मिलें।

खोजी रिपोर्टिंग में चीनी सोशल मीडिया काफी उपयोगी है। यह बात प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग से साबित होती है। जैसे, इस गाइड के आरंभ में हमने झिंजियांग श्रम स्थानांतरण कार्यक्रमों पर न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर का उल्लेख किया था। उस जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य उइगर श्रमिकों द्वारा स्वयं सोशल मीडिया में किए गए पोस्ट से मिले। इनमें श्रमिकों ने अपनी स्थानांतरण प्रक्रिया, फ़ैक्टरी असेंबली लाइन के काम और छात्रावासों के बाहर सामूहिक तस्वीरों का विवरण दिया था। इसके बाद पत्रकारों ने भौगोलिक स्थान सत्यापन तकनीक का इस्तेमाल किया। इन पोस्टों में दिखने वाली वास्तुकला की विशेषताओं और सड़क की विशेषताओं की तुलना उपग्रह चित्रों, सड़क दृश्य मानचित्रों और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध फ़ैक्टरी तस्वीरों से करते हुए उन स्थानों की पुष्टि कर ली।

चीनी भाषा का ज्ञान न रखने वाले पत्रकारों के लिए कई विशिष्ट संसाधन हैं। इनमें प्रमुख चीनी सोशल मीडिया घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग और निगरानी मिलती है। ‘व्हाट्स ऑन वीबो’ आपको वायरल सामग्री और सोशल मीडिया रुझानों की जानकारी देता है। इसमें चीनी कंपनियों और सार्वजनिक हस्तियों की सोशल मीडिया सक्रियता और संकट प्रबंधन के तरीकों पर विस्तृत कवरेज मिलता है। ‘चाइना डिजिटल टाइम्स’ सेंसर की गई सामग्री को संग्रहित करता है। यह चीनी प्लेटफ़ॉर्म से गायब की गई महत्वपूर्ण सोशल मीडिया चर्चाओं का अनुवाद भी करता है।

प्लेटफ़ॉर्म जांच

डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म में उपलब्ध सामग्री के आधार पर चीनी संस्थाओं की जांच के लिए वेबसाइट एट्रिब्यूशन टूल काफी उपयोगी हैं। ये टूल चीन के प्रतिबंधित इंटरनेट परिवेश में भी होस्टिंग स्थानों की पहचान कर सकते हैं। उनके स्वामित्व पैटर्न को प्रकट कर सकते हैं। साथ ही, तकनीकी अवसंरचना कनेक्शनों को उजागर कर सकते हैं। डोमेन पंजीकरण डेटा, रिवर्स आईपी लुकअप और एसएसएल प्रमाणपत्र विश्लेषण चीन की डिजिटल सीमाओं के पार काम करना जारी रखते हैं। इसके कारण पत्रकारों को कॉरपोरेट नेटवर्क का पता लगाने और छिपे हुए संबंधों की पहचान करने के विश्वसनीय तरीके मिलते हैं। टोरंटो विश्वविद्यालय के सिटीजन लैब ने 2024 में पेपरवॉल परियोजना पूरी की। इसमें कम से कम 123 वेबसाइटों के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया। इनके द्वारा चीन के बाहर स्थित स्थानीय समाचार संस्थान के रूप में बीजिंग समर्थक सामग्री का प्रचार किया जा रहा था।

ओपन सोर्स रिसर्च का उपयोग करके वेबसाइट स्वामित्व की जांच के लिए कई गाइड उपलब्ध हैं। Who.is और GoDaddy की लुकअप सेवा जैसे बुनियादी WHOIS टूल डोमेन पंजीकरण विवरण, निर्माण तिथि और संपर्क जानकारी प्रकट करते हैं। इनमें कॉरपोरेट संरचना और स्वामित्व पैटर्न की जानकारी मिल सकती है। चीनी कंपनियों की जांच करते समय पत्रकारों को किसी लक्ष्य की वैश्विक डिजिटल उपस्थिति को समझने के लिए .cn डोमेन और अंतर्राष्ट्रीय डोमेन (.com, .org) दोनों की जांच करनी चाहिए। वेबैक मशीन के जरिए यह पता लग सकता है कि समय के साथ चीनी कंपनियों की वेबसाइटें किस प्रकार विकसित हुई हैं। उनके संदेश, साझेदारी और व्यवसायिक फोकस में ऐसे बदलावों की जानकारी मिल सकती है, जो केवल वर्तमान वेबसाइटों से स्पष्ट नहीं हो सकती।

ViewDNSinfo जैसे रिवर्स आईपी लुकअप टूल एक ही आईपी पते पर होस्ट किए गए सभी डोमेन की पहचान करते हैं। इसके कारण चीनी संस्थाओं के बीच कॉरपोरेट क्लस्टर या साझा होस्टिंग व्यवस्था का पता चल सकता है।

भाग चार : विदेशी निवेश के जरिए जांच

चीनी कंपनियां अपने देश में सख्त सूचना नियंत्रण के तहत काम कर सकती हैं। लेकिन उनकी विदेशी गतिविधियों में ऐसे दस्तावेज मिल जाते हैं, जिन्हें उन विदेशों में सार्वजनिक करना आवश्यक हो। चीनी उद्यम किसी अफ्रीकी बुनियादी ढाँचा परियोजना में निवेश करते हैं, तो उन्हें स्थानीय नियमों का पालन करना पड़ता है। उन देशों के नियम चीन की तुलना में अधिक पारदर्शिता की मांग करते हैं। चीन की कोई कंपनी यदि यूरोपीय प्रौद्योगिकी कंपनियों का अधिग्रहण करे, या अमेरिकी बाजारों में सहायक कंपनियां स्थापित करें, तब भी उन्हें अपने कुछ दस्तावेज सार्वजनिक करने पड़ते हैं।

‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ (बीआरआइ) परियोजनाओं की जांच में यह तरीका उपयोगी है। सरकार समर्थित अधिग्रहणों और प्रमुख चीनी समूहों की विदेश में विस्तार रणनीतियों की जांच के लिए यह कारगर रास्ता है। गंतव्य देशों में विदेशी निवेश संबंधी अनुमोदन, पर्यावरण प्रभाव आकलन, कॉरपोरेट फाइलिंग और नियामक प्रस्तुति में कॉरपोरेट संरचना की जानकारी मिल सकती है। इनमें वित्तपोषण व्यवस्था और रणनीतिक उद्देश्यों का भी पता चल सकता है, जो चीनी घरेलू रिकॉर्ड में छिपे रहते हैं।

ऐसी जांच के लिए कई अंतरराष्ट्रीय डेटाबेस और नियामक प्रणालियों की व्यवस्थित निगरानी आवश्यक है। चीनी निवेश लगभग हर क्षेत्र और भूगोल में फैला हुआ है। पत्रकारों को प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में निवेश जांच प्रक्रियाओं से परिचित होना चाहिए। यह समझना चाहिए कि चीनी संस्थाएं विदेशी स्वामित्व प्रतिबंधों से निपटने के लिए अपने विदेशी परिचालनों की संरचना कैसे करती हैं। भू-राजनीतिक तनावों के कारण वैश्विक पूंजी प्रवाह में आ रहे बदलावों के साथ चीनी निवेश पैटर्न के विकास पर नज़र रखनी चाहिए।

यहां कुछ प्रमुख डेटाबेस और संसाधन की जानकारी दी गई है। इनसे आपको चीनी कॉरपोरेट व्यवहार, रणनीतिक प्राथमिकताओं और अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क की व्यापक तस्वीरें बनाने में मदद मिलेगी। केवल चीनी घरेलू स्रोतों का उपयोग करके ऐसी जानकारी निकालना संभव नहीं।

निवेश ट्रैकिंग प्लेटफ़ॉर्म

अमेरिकन एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट का ‘चाइना ग्लोबल इन्वेस्टमेंट ट्रैकर’ सबसे व्यापक संसाधन है। इसने 2005 से अब तक एक बिलियन अमेरिकी डॉलर या उससे अधिक मूल्य के चीनी विदेशी निवेश और निर्माण परियोजनाओं की व्यवस्थित सूची बनाई है। इसमें विस्तृत क्षेत्र और भौगोलिक विश्लेषण उपलब्ध है। इनमें बदलते समय के साथ रणनीतिक प्राथमिकताओं और निवेश पैटर्न का पता चलता है। काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस का बेल्ट एंड रोड ट्रैकर बीआरआइ परियोजनाओं की व्यवस्थित निगरानी प्रदान करता है। इसमें वित्तपोषण विवरण, कार्यान्वयन स्थिति और रणनीतिक विश्लेषण शामिल है। यह चीन के प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय विकास कार्यक्रम के दायरे और विकास को समझने में मदद करता है। विश्व संसाधन संस्थान का चाइना ओवरसीज़ फ़ाइनेंस इन्वेंटरी डेटाबेस, वैश्विक स्तर पर ऊर्जा और निष्कर्षण उद्योग परियोजनाओं के लिए चीनी विकास वित्त पर विशेष रूप से केंद्रित है। चीनी पूंजी दुनिया भर में संसाधन निष्कर्षण और ऊर्जा अवसंरचना को कैसे आकार देती है, इसके बारे में महत्वपूर्ण आंकड़े मिलते हैं।

बोस्टन विश्वविद्यालय का ग्लोबल चाइना इनिशिएटिव, चाइना ओवरसीज़ डेवलपमेंट फ़ाइनेंस (CODF) डेटाबेस के माध्यम से व्यवस्थित ट्रैकिंग करता है। इसने 2024 में 20 नए सॉवरेन ऋणों में $6.1 बिलियन दर्ज किए। 2020 के बाद 24 वार्षिक ऋणों में $6.2 बिलियन का औसत बनाए रखा। यह चीनी राज्य-समर्थित वित्तीय प्रवाह को समझने के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत आंकड़े प्रदान करता है। साथ ही, नीति-उन्मुख ट्रैकिंग प्रणालियों के पूरक के लिए अकादमिक आधार देता है।

छवि: स्क्रीनशॉट, चाइना ओवरसीज़ डेवलपमेंट फ़ाइनेंस डेटाबेस

ग्लोबल चाइना का पीपुल्स मैप एक और ओपन-एक्सेस प्लेटफ़ॉर्म है। यह दुनिया भर के शोधकर्ताओं से चीन की प्रोफ़ाइल, परियोजना डेटा, कंपनियों की जानकारी और चीन की अंतर्राष्ट्रीय गतिविधियों के प्रभाव आकलन का संकलन करता है। इस तरह चीन के वैश्विक पदचिह्न का एक व्यापक संग्रह तैयार हो जाता है। इसे अकादमिक शोध योगदानों के माध्यम से विकसित होते जुड़ाव पैटर्न को दिखाने के लिए निरंतर अद्यतन किया जाता है।

चित्र: स्क्रीनशॉट, द पीपल्स मैप

नियामक और कॉर्पोरेट डेटाबेस

प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) का EDGAR डेटाबेस भी काफी उपयोगी है। यह अमेरिकी प्रतिभूति फाइलिंग के माध्यम से चीनी कंपनियों के संचालन को समझने का महत्वपूर्ण संसाधन है। चीनी कंपनियों को अमेरिकी बाजारों में प्रवेश के लिए सहायक कंपनियों, वित्तीय संबंधों और परिचालन विवरणों का खुलासा करना आवश्यक है। उनकी जानकारी इस डेटाबेस में मिल जाती है। ऐसी चीनी कंपनियां आमतौर पर अमेरिका में सूचीबद्ध होने पर विदेशी स्वामित्व प्रतिबंधों से बचने के लिए परिवर्तनीय हित इकाई (वीआईई) संरचनाओं या विशेष प्रयोजन अधिग्रहण कंपनी (SPAC) व्यवस्था का उपयोग करती हैं। उनकी नियामक प्रस्तुतियों में ऐसी संरचनात्मक जानकारी का खुलासा करना आवश्यक है।

इमेज : स्क्रीनशॉट, SEC EDGAR

 

EDGAR में अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग लिमिटेड की सर्च। इमेज : स्क्रीनशॉट, SEC EDGAR

कंपनीज हाउस – ब्रिटेन में कार्यरत चीनी संस्थाओं की विस्तृत स्वामित्व संरचना और वित्तीय फाइलिंग इसमें उपलब्ध है। इनमें अक्सर यूरोपीय संचालन और कॉरपोरेट नेटवर्क की जानकारी होती है। यूरोपीय प्रतिभूति एवं बाजार प्राधिकरण में आपको यूरोपीय पूंजी बाजारों तक पहुंचने वाली चीनी कंपनियों के लिए प्रॉस्पेक्टस और नियामक फाइलिंग की जानकारी मिल जाएगी। चीनी कंपनियां अपने अंतर्राष्ट्रीय विस्तार की संरचना कैसे करती हैं, इसका पता लग सकता है।

विशिष्ट क्षेत्र संबंधी संसाधन

ग्लोबल एनर्जी मॉनिटर – यह सैन फ्रांसिस्को स्थित एक गैर-सरकारी संगठन है। यह कई विशिष्ट डेटाबेस के माध्यम से दुनिया भर में जीवाश्म ईंधन और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को सूचीबद्ध करता है। इनका उपयोग वैश्विक ऊर्जा अवसंरचना विकास में चीन की भूमिका पर नज़र रखने के लिए किया जा सकता है।

इमेज : स्क्रीनशॉट, ग्लोबल एनर्जी मॉनिटर

चीन-अफ्रीका अनुसंधान पहल – यह जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय में स्थित है। यह अफ्रीकी देशों में चीन-अफ्रीका प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, व्यापार, अनुबंधों, कृषि निवेश, विदेशी सहायता और चीनी श्रमिकों पर व्यापक डेटा रखती है। यह पूरे महाद्वीप में चीन की भागीदारी के दायरे और शर्तों का दस्तावेजीकरण करती है।

इमेज : स्क्रीनशॉट, चीन-अफ्रीका अनुसंधान पहल

प्रतिबंध और अनुपालन डेटाबेस

विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) की प्रतिबंध सूची – यह अमेरिकी वित्त मंत्रालय द्वारा जारी की जाती है। इसमें चीनी संस्थाओं को प्रभावित करने वाले विस्तृत औचित्य और कॉरपोरेट नेटवर्क की जानकारी मिलती है। इसमें व्यावसायिक संबंधों और कथित कदाचार के बारे में व्यापक पृष्ठभूमि सामग्री भी उपलब्ध है।

यूरोपीय संघ प्रतिबंध ट्रैकर – यह प्रतिबंधों का सामना कर रही चीनी कंपनियों की जानकारी मिलती है। इसमें कई पृष्ठभूमि के दस्तावेज़ और तर्क शामिल होते हैं। ऐसी जानकारी अमेरिकी सामग्रियों की पूरक होती हैं।

इमेज : स्क्रीनशॉट, अमेरिकी वित्त मंत्रालय, ओएफएसी

अमेरिकी वाणिज्य विभाग और अन्य एजेंसियों के निर्यात नियंत्रण डेटाबेस भी चीनी संस्थाओं पर प्रतिबंधों की सूची बनाते हैं। इनसे प्रौद्योगिकी हस्तांतरण संबंधी चिंताओं और कॉर्पोरेट संबंधों का पता चलता है। यह रणनीतिक प्रतिस्पर्धा की गतिशीलता को उजागर करते हैं।

अमेरिकी उद्योग और सुरक्षा ब्यूरो (बीआईएस) इकाई सूची – यह 2022 तक लगभग 600 चीनी संस्थाओं वाला प्राथमिक डेटाबेस है। इसमें सैन्य प्रौद्योगिकी, फाइव-जी, एआई और अन्य उन्नत तकनीकों से जुड़ी कंपनियां और अनुसंधान संस्थान शामिल हैं।

समेकित स्क्रीनिंग सूची (सीएसएल) – इसका प्रबंधन भी अमेरिकी वाणिज्य विभाग द्वारा किया जाता है। यह एक व्यापक खोज उपकरण प्रदान करती है। यह वाणिज्य, विदेश और वित्त मंत्रालयों की ग्यारह निर्यात स्क्रीनिंग सूचियों को समेकित करती है। आप कई प्रतिबंध श्रेणियों में चीनी संस्थाओं की कुशलतापूर्वक तलाश और जांच कर सकते हैं।

इमेज : स्क्रीनशॉट, अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रशासन

ऐसे संसाधन पत्रकारों को चीनी कॉरपोरेट व्यवहार, रणनीतिक प्राथमिकताओं और अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क की व्यापक तस्वीरें बनाने में सक्षम बनाते हैं। इन्हें केवल चीनी घरेलू स्रोतों का उपयोग करके संकलित करना संभव नहीं।

भाग पांच : जांच की बेहतर पद्धति

विभिन्न स्रोतों का संयोजन करें

चीनी कंपनियों की जांच के लिए एक संपूर्ण खुफिया तस्वीर बनाना उपयोगी होगा। इसके लिए कई सूचना स्रोतों को संयोजित करना आवश्यक है। कोई भी एकल डेटाबेस या प्लेटफ़ॉर्म आपको व्यापक कवरेज प्रदान नहीं करेगा। चीनी सूचना स्रोतों की अधूरी और सीमित होती प्रकृति के कारण आपको कुछ व्यवस्थित तरीके विकसित करने होंगे। ऐसा करके आप आधिकारिक दस्तावेज़ों, वाणिज्यिक रिकॉर्ड, सोशल मीडिया सामग्री और अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टिंग को एकीकृत करके व्यक्तिगत स्रोत की सीमा से बाहर निकल सकेंगे। चीन के घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्रों में संचालित संस्थाओं की जांच के लिए यह त्रिकोणीय पद्धति उपयोगी है। विभिन्न नियामक परिवेश में पारदर्शिता का अलग-अलग स्तर है। आपको सबका लाभ उठाना होगा।

प्रभावी स्रोत की त्रिकोणीय कुंजी आपको विश्वसनीयता के आधार पर विभिन्न सूचनाओं को देखने का अवसर देती है। यह संभावित पूर्वाग्रहों की समझ में निहित है। कानूनी ढांचों और औपचारिक संबंधों को समझने के लिए आधिकारिक चीनी सरकारी बयानों और नियामक फाइलिंग को प्रामाणिक मानना चाहिए। लेकिन उनमें लाभकारी स्वामित्व और परिचालन संबंधी वास्तविकता की स्पष्टता का अभाव हो सकता है। किचाचा या तियानयांचा जैसे वाणिज्यिक डेटाबेस विस्तृत कॉरपोरेट नेटवर्क प्रदान करते हैं। लेकिन ये कार्यात्मक नियंत्रण के बजाय केवल पंजीकृत संबंधों को दर्शा सकते हैं। ऑर्बिस जैसे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार डेटाबेस में क्रॉस-रेफरेंसिंग की सुविधा है। लेकिन कई बार उनमें चीनी सहायक कंपनियों और संयुक्त उद्यमों संबंधी जानकारी अधूरी होती है।

कई स्रोतों के बीच विरोधाभास हो सकता है। ऐसे में उन साक्ष्यों को प्राथमिकता दें, जिन्हें कई माध्यमों से स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया जा सके।  जैसे, शंघाई स्टॉक एक्सचेंज की फाइलिंग, किचाचा कॉर्पोरेट चार्ट में दर्शाए गए स्वामित्व प्रतिशत से भिन्न हो सकती है। ऐसे में आप हांगकांग नियामक फाइलिंग, सिंगापुर कॉर्पोरेट रिकॉर्ड या एसईसी दस्तावेज़ों के साथ क्रॉस-रेफ़रेंसिंग कर सकते हैं। ऐसा करके आप विसंगतियों को दूर करते हुए वास्तविक स्वामित्व संरचना को उजागर करसकते हैं।

दुबई अनलॉक्ड – ओरगेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट (ओसीसीआरपी) ने 2024 में यह खोजी परियोजना की थी। इसमें 75 मीडिया संस्थानों ने मिलकर दुबई के भूमि विभाग से लीक हुए संपत्ति रिकॉर्ड का विश्लेषण किया था। इसमें एक लीक हुई व्यक्तिगत जानकारी से निकली एक खबर ने कई देशों में फैले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया। इसमें चीन, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात तक शामिल थे। इनके माध्यम से चीनी संस्थाएं अपनी अवैध संपत्ति स्थानांतरित करने के लिए अपतटीय संरचनाओं का उपयोग करती थीं। यह क्रॉस-क्षेत्राधिकार पद्धति दर्शाती है कि विभिन्न नियामक परिस्थितियों में जानबूझकर अपने संचालन को अस्पष्ट करने वाली संस्थाओं की जांच करते समय त्रिकोणीय तरीका कैसे काम करता है।

सामग्री का संग्रहण और संरक्षण

चीनी ऑनलाइन सामग्री को अक्सर वेबसाइट से हटा दिया जाता है। इसलिए पत्रकारों को जांच के साथ ही ऐसी सामग्री के व्यवस्थित संग्रहण की पद्धति भी विकसित करनी चाहिए।  सेंसरशिप, कॉरपोरेट स्क्रबिंग या प्लेटफ़ॉर्म परिवर्तनों के कारण चीनी डिजिटल सामग्री की प्रकृति क्षणभंगुर है। इसका अर्थ है कि संरक्षण तकनीक अक्सर यह निर्धारित करती है कि सत्यापन और प्रकाशन के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हैं या नहीं।

वेबैक मशीन – यह वेबसाइटों के ऐतिहासिक संस्करणों तक पहुंच के लिए उपयोगी है। यह समय के साथ कॉरपोरेट संदेशों या सरकारी नीति दस्तावेज़ों में बदलावों पर नज़र रखने के लिए एक मूल्यवान उपकरण के रूप में कार्य करती है। हालांकि इंटरनेट आर्काइव द्वारा चीनी वेबसाइटों की कवरेज असंगत बनी हुई है। विशेष रूप से लॉगिन वॉल के पीछे या उन प्लेटफ़ॉर्म पर मौजूद सामग्री के लिए जो सक्रिय रूप से क्रॉलर को ब्लॉक करते हैं। पत्रकारों को वेबैक मशीन सर्च के साथ Archive.today का उपयोग करना चाहिए। यह अक्सर ऐसी सामग्री को कैप्चर करता है जो इंटरनेट आर्काइव से छूट जाती है और सामयिक सामग्री के लिए जल्द संग्रहण करता है।

स्वचालित अभिलेखीय सेवाओं के अलावा, पत्रकारों को प्रासंगिक जानकारी मिलने पर तत्काल संरक्षण तकनीकों को लागू करना चाहिए। टाइम स्टैम्प और यूआरएल सहित पूरे पृष्ठ के स्क्रीनशॉट लेने से दृश्य साक्ष्य मिलते हैं। यह मूल वेबसाइट से सामग्री हटाए जाने के बाद भी सुरक्षित रह सकते हैं। सोशल मीडिया सामग्री के लिए, पत्रकारों को न केवल पोस्ट को बल्कि जुड़ाव मीट्रिक, उपयोगकर्ता प्रोफ़ाइल और टिप्पणी थ्रेड को भी संरक्षित करना चाहिए। ऐसी चीजें पहुँच और ग्रहणशीलता के बारे में संदर्भ प्रदान करती हैं। वीडियो सामग्री के लिए सावधानीपूर्वक चयन की आवश्यकता है। वीबो और वीचैट जैसे प्लेटफ़ॉर्म अक्सर पोस्ट करने के कुछ ही घंटों के भीतर प्रासंगिक, जांच-पड़ताल से भरपूर फुटेज हटा देते हैं।

चाइना डिजिटल टाइम्स का 404 आर्काइव प्रोजेक्ट – यह सेंसर की गई चीनी सामग्री को संरक्षित करने का व्यवस्थित प्रयास है। इस संग्रह में ऐसे हजारों लेख, सोशल मीडिया पोस्ट और आधिकारिक दस्तावेज़ हैं, जिन्हें चीनी प्लेटफ़ॉर्म से हटा दिया गया है। सार्वजनिक चर्चा पर नज़र रखने के लिए भी उपयोगी है, जो सेंसरशिप के कारण गायब हो जाती है।

चीनी पत्रकारों के साथ साझा रिपोर्टिंग

स्थानीय ज्ञान और भाषा संबंधी सुविधा के लिए चीनी पत्रकारों के साथ साझा रिपोर्टिंग आवश्यक है। चीनी भाषी पत्रकारों के पास कॉरपोरेट फाइलिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और आधिकारिक दस्तावेज़ों की भाषाई बारीकियों के बारे में बेहतर समझ होगी। कुछ चीजों को स्वचालित अनुवाद उपकरण अनदेखा कर देते हैं। स्थानीय पत्रकार सांस्कृतिक संदर्भों को भी समझते हैं। इससे कॉरपोरेट व्यवहार, विनियामक प्रवर्तन पैटर्न तथा कार्मिक परिवर्तनों या नीतिगत घोषणाओं के महत्व की जानकारी मिल सकती है। विदेशी पत्रकार इन चीजों को अनदेखा कर सकते हैं।

चीनी पत्रकारों और स्रोतों के साथ काम करने के लिए जोखिम के स्तर और सुरक्षा संबंधी विचारों को समझना आवश्यक है। इन चीजों से यह निर्धारित होता है कि जानकारी कैसे एकत्र और साझा की जा सकती है। चीन में रहने वाले या हांगकांग अथवा अन्य देश में रहने वाले चीनी पत्रकारों को संवेदनशील कॉरपोरेट या सरकारी विषयों पर रिपोर्टिंग के दौरान कानूनी और व्यावसायिक जोखिमों का सामना करना पड़ता है। चीन में रहने वाले पत्रकार सबसे अधिक प्रतिबंध के माहौल में काम करते हैं। किसी कंपनी या अधिकारी संबंधी खबर लिखने के लिए उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है। उनकी नौकरी छूट सकती है। उनके परिवार के सदस्यों पर दबाव डाला जा सकता है। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून 2020 लागू होने के बाद हांगकांग के पत्रकारों पर प्रतिबंध बढ़ गए हैं। प्रवासी चीनी पत्रकारों को पारिवारिक दबाव या वीज़ा संबंधी जटिलताओं का सामना करना पड़ता है।

साझा रिपोर्टिंग की कोई परियोजना शुरू करने से पहले सुरक्षित संचार के लिए अपना माध्यम बना लें। सिग्नल, प्रोटॉनमेल और अन्य एन्क्रिप्टेड प्लेटफ़ॉर्म आपको बुनियादी सुरक्षा प्रदान करते हैं। चीनी वेबसाइटों को देखने और चीन में स्थित स्रोतों से संवाद करते समय टोर ब्राउज़र और वीपीएन का उपयोग करना चाहिए।


चू यांग पत्रकार और मीडिया शोधकर्ता हैं। चीनी डिजिटल मीडिया और प्रवासी समुदायों में विशेषज्ञता रखती हैं। वर्तमान में चाइना मीडिया प्रोजेक्ट में परियोजना समन्वयक और एएमओ में चीन विश्लेषक के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही, वह वैश्विक स्तर पर चीनी भाषा के पत्रकारों के लिए एक क्षमता निर्माण पहल का नेतृत्व करती हैं। वह यूरोपीय संघ द्वारा वित्त पोषित होराइजन यूरोप रेजोनेंट परियोजना के माध्यम से प्रवासी समुदायों को लक्षित करके सूचना हेरफेर का विश्लेषण करती हैं। उन्होंने कैक्सिन सहित प्रमुख चीनी मीडिया के साथ काम किया है। वह कई मीडिया पहलों की संस्थापक हैं। इनमें द न्यूकमर्स भी शामिल है। यह यूरोपीय प्रवासी समुदायों की सेवा करने वाला एक डिजिटल चीनी भाषा मंच है। चू यांग ने सेन्सी जर्नलिज्म प्रोजेक्ट की भी सह-स्थापना की। द इकोनॉमिस्ट ने इसे चीन की सबसे सफल नागरिक मीडिया पहल बताया है।

अनुवाद : डॉ. विष्णु राजगढ़िया

क्रिएटिव कॉमन्स लाइसेंस के तहत हमारे लेखों को निःशुल्क, ऑनलाइन या प्रिंट माध्यम में पुनः प्रकाशित किया जा सकता है।

आलेख पुनर्प्रकाशित करें


Material from GIJN’s website is generally available for republication under a Creative Commons Attribution-NonCommercial 4.0 International license. Images usually are published under a different license, so we advise you to use alternatives or contact us regarding permission. Here are our full terms for republication. You must credit the author, link to the original story, and name GIJN as the first publisher. For any queries or to send us a courtesy republication note, write to hello@gijn.org.

अगला पढ़ें

Simon Allison (left) and Christine Mungai of The Continent, speaking at a panel on covering investigations with a personal connection at a panel at AIJC25

व्यक्तिगत संबंधों को प्रभावित करने वाली खोजी ख़बरें कैसे करें?

अक्सर कहा जाता है कि जब पत्रकार का किसी कहानी से करीबी रिश्ता होता है, तो किसी व्यक्ति या संस्था से उसका व्यक्तिगत संबंध उसकी निष्पक्षता को प्रभावित कर सकता है।

The Peruvian investigative journalist Fabiola Torres discusses investigating the global pharamaceutical industry at GIJC25. Image: Zahid Hassan for GIJN

दवाइयों की दुनिया में प्रचलित एकाधिकार की जांच कैसे करें

वैश्विक बाजार के लगभग 90% हिस्से को तीन कंपनियां नियंत्रित करती हैं। इनके नाम हैं- नोवो नॉर्डिस्क, एली लिली और सैनोफी। उनके नए, एनालॉग संस्करण नए पेटेंट और उपकरण सुरक्षा की परतों के नीचे दबे हुए हैं। फैबियोला टॉरेस के अनुसार किसी पुरानी दवा के चारों ओर एक ‘नए पेटेंट की बाधा’  बना दी जाती है।

GIJC27 announcement VVOJ co-host, Netherlands

खोजी पत्रकारों का 15वाँ वैश्विक सम्मेलन नीदरलैंड में 2027 में होगा

VVOJ उन संस्थानों में से है जो न्यूज़रूम में इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दिलाने की वकालत करता है। संस्था का एक अन्य पुरस्कार “फ्लाइवील अवॉर्ड” विशेष रूप से उन संपादकों को सम्मानित करता है जो रिपोर्टरों को रोज़मर्रा की खबरों से समय निकालने और गहन जांच पर काम करने का अवसर देते हैं।