Image: GIJN
खोजी पत्रकारिता सप्ताह: दुनिया भर के पत्रकारों के लिए नया वैश्विक ऑनलाइन आयोजन
26–30 अक्टूबर 2026
इस लेख को पढ़ें
ग्लोबल इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म नेटवर्क (जीआईएजेएन) दुनिया भर के पत्रकारों, पत्रकारिता के शिक्षकों, प्रशिक्षकों और छात्रों के लिए एक नए वैश्विक ऑनलाइन कार्यक्रम ‘इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म वीक (IJ WEEK)’ का आयोजन कर रहा है।
पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 100 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता भाग लेंगे। इनके साथ 35 से अधिक पैनल चर्चा, प्रशिक्षण कार्यशालाएं और नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में खोजी पत्रकारिता से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इनमें नई तकनीक, पर्यावरण, भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग, सीमा-पार सहयोग, डिजिटल जांच और अन्य समकालीन मुद्दे शामिल हैं।
सीखने और नेटवर्किंग का वैश्विक मंच
इस खोजी पत्रकारिता सप्ताह का उद्देश्य दुनिया भर के खोजी पत्रकारों को एक साझा मंच पर लाना है, जहां वे अनुभव साझा कर सकें, नए सहयोग विकसित कर सकें और खोजी पत्रकारिता के नवीनतम तरीकों से परिचित हो सकें। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न देशों के अग्रणी खोजी पत्रकारों और विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में अत्याधुनिक डिजिटल टूल, नई जांच तकनीकों और रिपोर्टिंग पद्धतियों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
खोजी पत्रकारिता आंदोलन के 25 वर्ष
इस वर्ष उस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसने आगे चलकर ग्लोबल इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म कॉन्फ्रेंस का रूप लिया। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए 26 से 30 अक्टूबर तक हमारे साथ जुड़ें। यह दुनिया भर के खोजी पत्रकारों से ऑनलाइन मिलने, अनुभव साझा करने और नई तकनीकें सीखने का एक अनूठा अवसर होगा।
एमिलिया डियाज़-स्ट्रक कहती हैं “पिछले 25 वर्षों में खोजी पत्रकारिता का वैश्विक आंदोलन जिस तरह विकसित हुआ है, उस पर हमें गर्व है। आज 100 से अधिक देशों के पत्रकार एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, सीमाओं के पार सहयोग कर रहे हैं और अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। इसका परिणाम यह हुआ है कि दुनिया के अलग-अलग देशों और क्षेत्रों में नागरिकों के हित में प्रभावशाली और सार्थक खोजी रिपोर्टें सामने आई हैं।”
खोजी पत्रकारिता के लिए वैश्विक सहयोग
जीआईएजेएन दुनिया भर के खोजी पत्रकारों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और संसाधन केंद्र है। हमारा मुख्य उद्देश्य खोजी पत्रकारिता को मजबूत बनाना और उसका समर्थन करना है। विशेष रूप से उन पत्रकारों की सहायता करना, जो दमनकारी शासन वाले देशों या हाशिये पर मौजूद समुदायों में काम कर रहे हैं।
आज जीआईएजेएन की टीम 20 से अधिक देशों में कार्यरत है। संगठन लगभग एक दर्जन भाषाओं में काम करता है और दुनिया भर के खोजी पत्रकारों को एक-दूसरे से जोड़ता है। जीआईएजेएन उन्हें सत्ता के दुरुपयोग और जवाबदेही की कमी की जांच करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, तकनीक, संसाधन और व्यावहारिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराता है।
एमिलिया डियाज़-स्ट्रक के अनुसार, खोजी पत्रकारिता सप्ताह लोगों को जीआईएजेएन के मिशन का समर्थन करने का अवसर भी देगा, ताकि संगठन भविष्य में भी दुनिया भर के खोजी पत्रकारों को निःशुल्क प्रशिक्षण, संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराता रहे उन्होंने कहा कि आज पहले से कहीं अधिक आवश्यकता ऐसे ऑनलाइन मंचों की है, जहां दुनिया के हर हिस्से के पत्रकार समान रूप से भाग ले सकें। खोजी पत्रकारिता सप्ताह इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
2025 में जीआईएजेएन की प्रमुख उपलब्धियां
वर्ष 2025 में जीआईएजेएन ने दुनिया भर के पत्रकारों से प्राप्त 2,000 से अधिक प्रश्नों और सहायता अनुरोधों का जवाब दिया। इस दौरान जीआईएजेएन ने हजारों पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए, 250 से अधिक लेख प्रकाशित किए और 11 निःशुल्क रिपोर्टिंग गाइड जारी किए।
इसी वर्ष जीआईएजेएन ने अपने सदस्य संगठन मलेशियाकिनी के सहयोग से एशिया में पहली बार ग्लोबल इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित इस सम्मेलन में 135 देशों और क्षेत्रों से 1,500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
क्यों महत्वपूर्ण है खोजी पत्रकारिता सप्ताह?
आज दुनिया के अनेक देशों में प्रेस की स्वतंत्रता लगातार चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में खोजी पत्रकारिता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। जीआईएजेएन का मानना है कि अधिक समावेशी और सुलभ ऑनलाइन मंच तैयार किए जाने चाहिए, ताकि दुनिया के किसी भी हिस्से के पत्रकार सीखने और सहयोग के अवसरों से वंचित न रहें।
टिकट और पंजीकरण
कार्यक्रम के टिकटों की बिक्री 11 अक्टूबर (पूर्वी अमेरिकी समयानुसार रात 12 बजे) तक जारी रहेगी।
इस आयोजन के माध्यम से जीआईएजेएन अपनी क्षमता का विस्तार करना चाहता है, ताकि दुनिया भर के अधिक से अधिक पत्रकारों तक वहां पहुंचा जा सके, जहां उन्हें हमारी सबसे अधिक आवश्यकता है। हमारा विश्वास है कि स्वतंत्रता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने वाली खोजी पत्रकारिता का समर्थन किया जाना चाहिए।
यदि आप इस कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकते, लेकिन जीआईएजेएन के कार्यों का समर्थन करना चाहते हैं, तो आप आर्थिक सहयोग (डोनेशन) भी कर सकते हैं।
रद्दीकरण नीति
यदि आप अपना पंजीकरण रद्द करना चाहते हैं, तो अपना अनुरोध academy@gijn.org पर ईमेल करें।
20 अक्टूबर 2026 तक टिकट रद्द कराने पर जीआईएजेएन का प्रसंस्करण शुल्क काटकर शेष राशि वापस कर दी जाएगी।
इसके बाद प्राप्त रद्दीकरण अनुरोधों पर परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग निर्णय लिया जाएगा।
सहायता टिकट के लिए आवेदन
यदि आर्थिक कारणों से आपके लिए इस कार्यक्रम में भाग लेना कठिन है, तो जीआईएजेएन के पास सीमित संख्या में सहायता टिकट उपलब्ध हैं।
इसके लिए 31 जुलाई तक निर्धारित आवेदन प्रपत्र भरकर आवेदन करें।